
बुलडोजर एक्शन का फाइल फोटो: पत्रिका नेटवर्क
Criminals Illegal Encroachment Demolished: कोटा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर एक्शन को तेज कर दिया है। पिछले 6 माह में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटरों, हार्डकोर बदमाशों, मादक पदार्थ तस्करों और अन्य अपराधियों की सरकारी जमीन पर बने अवैध कब्जों और अपराध की कमाई से खड़ी करोड़ों रुपए की संपत्तियों को ध्वस्त किया है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों की आर्थिक रूप से कमजोर करके क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाना है।
कैथून क्षेत्र में 6 जून को पुलिस और प्रशासन ने हिस्ट्रीशीटर शांतिलाल उर्फ शान्तिया गुर्जर के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपी ने केडीए की करीब ढाई बीघा भूमि पर अतिक्रमण कर मकान और दो दुकानें बना रखी थीं। कार्रवाई के दौरान करीब 1 करोड़ 35 लाख मूल्य की अवैध संपत्ति को ध्वस्त किया। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
कोटा के सांगोद कस्बे में 19 जनवरी को पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा की ओर से अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध मकान को ध्वस्त कराया। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। पुलिस के अनुसार ध्वस्त मकान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए थी।
इटावा क्षेत्र में 18 जून को खातौली रोड स्थित एक मकान पर बुलडोजर चलाया गया। यह मकान शबनम के कब्जे में था और पुलिस के अनुसार इसका उपयोग अनैतिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति को ध्वस्त कर दिया।
कोटा के सीमलिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में 4 जून को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में सीएडी विभाग की करीब डेढ़ बीघा भूमि पर बने दो अवैध मकानों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई सुगना बाई और उसके पुत्र धीरज के खिलाफ की गई। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अधिकारियों के अनुसार ध्वस्त संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख थी।
ये तो महज कुछ उदाहरण हैं। कोटा ग्रामीण पुलिस ने अब अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का तरीका बदल दिया है। अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी कर जेल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को भी ढहाया जा रहा है।
पिछले छह माह में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटरों, हार्डकोर बदमाशों, मादक पदार्थ तस्करों और अन्य अपराधियों की ओर से सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों तथा अपराध की कमाई से खड़ी की गई करोड़ों रुपए की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया गया है। इस दौरान एक दर्जन से अधिक आरोपियों के मकान, दुकानें और अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को कानूनी सजा के साथ आर्थिक नुकसान पहुंचाने की इस मुहिम से उनके हौसले पस्त हुए हैं और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।
कोटा ग्रामीण पुलिस हिस्ट्रीशीटरों, हार्डकोर अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर ध्वस्त किया जा रहा है, ताकि अपराधियों को कानूनी सजा के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़े।
अभी और भी नाम चिह्नित किए गए हैं, जिनकी संपत्तियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। हमारा प्रयास कोटा ग्रामीण क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाना है।
सुजीत शंकर, एसपी, कोटा ग्रामीण
Updated on:
26 Jun 2026 02:55 pm
Published on:
26 Jun 2026 02:52 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
