कोटा

यहां हादसा हो सकता है, कुछ तो करो साहब

Aug 08, 2026
Rajasthan

-आरओबी के नीचे की सड़क लगातार धंस रही
बारां. शहर के झालावाड़ रोड आरओबी का निर्माण तो हो गया, ट्रैफिक भी चल रहा है लेकिन आरओबी के नीचे सड़क की दुर्दशा हो रही है। अस्थायी तौर पर राहत के लिए भी कोई नहीं चेत रहा, कोढ़ में खाज वाली बात यह हो गई है कि यहां पूर्व में खोदी गई सड़क को पाटने के नाम पर केवल खानापूर्ति करने से अब बारिश के दिनों में लगातार धंस रही है। शुक्रवार तड़के तेज बारिश के दौरान सड़क काफी हिस्से में बहुत ज्यादा धंस गई, ऐसे में कभी भी हादसा होने का डर बना हुआ है, लेकिन सम्बंधित जिम्मेदार नींद से नहीं जाग रहे। शुक्रवार दोपहर मौके पर आस-पास के रहवासियों एवं व्यवसाइयों ने बताया कि इस सड़क को कई फीट तक खोदा गया था, लेकिन वापस पाटने में लीपापोती हुई। ऐसे में अब बारिश में सड़क बड़े हिस्से में लगातार धंस रही है। शुक्रवार तड़के की बारिश में सड़क कई फीट तक धंस गई और बड़े-बड़े गड्ढे हो गए, इन गड्ढों के आस-पास की सड़क भी ऊपर से ठीक दिख रही है लेकिन नीचे से खोखली है, ऐसे में अभी और धंस सकती है।-दिनभर में निकलते हैं सैकड़ों वाहन
भले ही आरओबी बन गया है और ट्रैफिक भी हजारों की संख्या में निकल रहा है लेकिन आज भी फाटक पार की कई कॉलोनियों के लोग और व्यवसाई इसी पुरानी सड़क से आ-जा रहे हैं। क्षेत्र के मिस्त्री बबलू चौहान ने बताया कि लगातार धंसने से सड़क के आस-पास खड़े होने में भी डर लगता है। खोखली हो रही सड़क की साइड में कई दुकानें और मकान हैं, ऐसे में इन लोगों के साथ दूसरे वाहन चालकों को भी सावधानी के साथ आना-जाना पड़ रहा है कि कहीं गड्ढे में न चले जाएं।
-ढाई करोड़ खर्च होंगे, लेकिन लगेगा समय
आरओबी के नीचे सर्विस लेन निर्माण पर करीब ढाई करोड़ खर्च किए जाएंगे, लेकिन अभी प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू और पूरा करने में समय लगेगा।
-निकल रहे कीचड़-फिसलन से बचकर
दीनदयाल पार्क तिराहे से आरओबी के नीचे अगल-बगल की सड़क से लेकर रेलवे फाटक तक और ठीक ऐसे ही चारमूर्ति वाली साइड से आरओबी की अगल-बगल वाली सड़क, पूरी तरह बदहाल है। बारिश के बाद पूरे रास्ते पर कीचड़, गड्ढे, पानी के कारण वाहन चालकों और राहगीराें को संभलते हुए निकलना पड़ रहा है।

Updated on:
08 Aug 2026 06:00 am
Published on:
08 Aug 2026 06:00 am