कोटा

एक रात में 3 दुकानों पर धावा, सामान-नकदी चोरी

पैदल गश्त वाली रात में चोरों ने पुलिस को दिखाया आईना
2 min read
Jul 03, 2018
stolen
stolen

कोटा. एक दिन पहले शाम को बाजारों में पैदल गश्त कर अपराधियों में भय पैदा करने वाली कोटा पुलिस को चोरों ने कुछ देर बाद रात में ही आईना दिखा दिया। दो थाना क्षेत्रों में चोरों ने सोमवार देर रात एक साथ तीन दुकानों में चोरी कर हजारों रुपए का सामान व नकदी उड़ा ली। एक दुकान में तो सवा साल में दूसरी बार सेंध मारकर चोरी की गई है।
किशोरपुरा थाना क्षेत्र में चोर छत के रास्ते आए और दुकान की सीढ़ी में सेंध मारकर अंदर घुसे। दुकान मालिक रवि छाबडि़या ने बताया कि मंगलवार सुबह उनके दुकान पर आने से पहले पानी का कैम्पर रखने वाला आया था। उसने देखा कि सीढ़ी की पट्टी टूटी हुई है। इस पर उसने उन्हें सूचना दी, वे तुरंत दुकान पर पहुंचे तो देखा कि सीढ़ी दो जगह से टूटी हुई थी। एक जगह टूटी सीढ़ी में जितनी जगह है, उससे लगता है कि चोरों ने छोटे बच्चे को अंदर घुसाया। दुकान में रखी महंगी सिगरेट के कई पैकेट गायब मिले। उनकी कीमत करीब 50 हजार रुपए है। साथ ही, गल्ले में रखे चांदी के सिक्के व करीब 25 हजार रुपए भी गायब मिले।

Read More:चाकूबाजी में तीन छात्र घायल
.......
लोहे की मोटी चादर तक को नहीं छोड़ा

उन्होंने बताया कि उनकी दुकान में 3 मार्च 2017 की रात को भी चोरी हुई थी। तब करीब 40 हजार की सिगरेट व 15-20 हजार रुपए चोरी हुए थे। उसके बाद उन्होंने दुकान में सीढ़ीयों के नीचे करीब ढाई इंच मोटी लोही की चादर लगवाई, लेकिन चोर उसे भी तोड़कर घुस गए।
इधर, एएसआई महेन्द्र कुमार ने बताया कि सूचना पर वे मौके पर पहुंचे। अभी तक दुकान मालिक ने रिपोर्ट नहीं दी है। जांच की जा रही है।

Read More:हरियाली की तरफ बढ़ता हमारा शहर-आगाज आठ से
.........
दुकान के ऊपर सीए के दफ्तर में भी चोरी

इसी दुकान के ऊपर सीए योगेश शर्मा का दफ्तर है। यहां भी चोर ताले तोड़कर करीब 25 हजार रुपए ले गए।
...........

शटर ऊंचाकर चुराई नकदी
रामपुरा कोतवाली थाना क्षेत्र में भी चोर सोमवार रात दुकान का शटर ऊंचाकर नकदी चोरी कर ले गए। दुकानदार विक्रम पंजवानी ने बताया कि बांसबल्ली मार्केट स्थित शिवाजी चौक में उनकी साडि़यों की दुकान है। चोर शटर ऊंचा कर दुकान में घुसे। गल्ले में रखे करीब 5 हजार रुपए ले गए। उन्होंने इसकी रिपोर्ट थाने में दी है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर चोरों की तलाश शुरू की है।

Published on:
03 Jul 2018 09:29 pm