
रामगंजमंडी. रामगंजमंडी तहसील क्षेत्र में स्वाइन फ्लू के तीन और रोगी सामने आए हैं। नगर के आनंद विहार व धाकड़ कालोनी निवासी स्वाइन फ्लू से पीडि़त दो बालकों को कोटा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इससे पूर्व बुधखान ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मिले स्वाइन फ्लू रोगी का उपचार चल रहा है। तहसील क्षेत्र में स्वाइन फ्लू रोग से तीन जनों की अभी तक मौत हो चुकी है।
OMG. अपने ही बने कातिल: हाड़ौती में खून से सन रहे अवैध प्रेम-संबंध
आनंद विहार कालोनी में ढाई वर्षीय बालक शिवम पुत्र दिनेश माहेश्वरी व धाकड़ कालोनी निवासी राजेश [8 माह] पुत्र बसंत कुमार मालव में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर दोनों बालकों को बुधवार को कोटा के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। इनमें से शिवम को गुरुवार रामगंजमंडी लाया गया। उसे राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय के काटेज वार्ड में भर्ती किया हुआ है।
दोनों कालोनियों में सर्वे प्रारंभ
स्वाइन फ्लू रोगी मिलने पर चिकित्सा विभाग की टीम व तहसीलदार राधेश्याम मीणा के साथ चिकित्सा प्रभारी राजीव लोचन सक्सेना, दोनों कालोनियों में पहुंचे और घर-घर सर्वे प्रारंभ किया। दोनों कालोनियों में जुकाम, खांसी व हल्की बुखार से पीडि़त रोगी मिले। रोगियों को मौके पर दवाइयों का वितरण किया गया।
गर्भवती की हो चुकी मौत
इससे पूर्व हनुवतखेडा गांव में एक गर्भवती महिला की स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है। इसके बाद चेचट के कोटड़ी व झौंपडिय़ा गांव में दो जनों की मौत स्वाइन फ्लू से हुई।
हवा में वायरस
चिकित्सा प्रभारी राजीव लोचन सक्सेना ने बताया कि स्वाइन फ्लू का वायरस हवा के साथ मानव के शरीर में पहुंचता है। यह संक्रामित रोग है। प्रारंभ में रोगी को तेज बुखार व श्वांस लेने में तकलीफ शुरू होती है। खांसी, जुकाम के रोगी में यह वायरस तेजी से सक्रिय होता है। बच्चों व गर्भवती महिलाओं पर इसका असर ज्यादा होता है। चिकित्सक ने प्रारंभिक रूप से खांसी जुकाम होने पर लोगों को चिकित्सालय में उपचार कराने की सलाह दी है ताकि स्वाइन फ्लू का वायरस ऐेसे रोगियों में प्रभावी नहीं हो।