कोटा

शिक्षक का काम समाज में शिक्षा का उजाला करना

सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में नयापुरा स्थित उम्मेदसिंह स्टेडियम में शिक्षकों का सम्मान किया गया।
2 min read
Sep 04, 2017
 Techer's Day, Teachers honor, Sarvapalli Dr. Radhakrishnan, Ummed Singh Stadium, Kota, Kota Patrika, Kota Patrika News, rajasthan Patrika, कोटा, राजस्थान पत्रिका, सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन, शिक्षक दिवस
शिक्षकों का सम्मान

सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में नयापुरा स्थित उम्मेदसिंह स्टेडियम में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षकों का सम्मान किया। इनमें 21 उत्कृष्ट (11 निजी, 8 सरकारी क्षेत्र एवं 5 सेवानिवृत्त शिक्षकों) का शॉल ओढाकर, माल्र्यापण, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। यह पहला अवसर है जब शिक्षण संस्थाओं के संचालकों के सात अलग-अलग संगठनों ने एक मंच पर आकर इतना बड़ा आयोजन किया।

शिक्षकों के चरित्र से बच्चे होते प्रभावित

समारोह में मुख्य अतिथि सांसद ओम बिरला थे। उन्होंने कहा कि बच्चों की पहली गुरु मां होती है, लेकिन जैसे ही बच्चा स्कूल जाने लगता है शिक्षक चरित्र बच्चों को प्रभावित करता है। शिक्षक का काम समाज में शिक्षा का उजाला करना है। अध्यक्षता करते हुए कोटा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पीके दशौरा ने कहा कि शिक्षक सिर्फ वेतन भोगी कर्मचारी नहीं है। उसे अपने दायित्व का निर्वहन करते रहना चाहिए। विशिष्ट अतिथि विधायक संदीप शर्मा, महापौर महेश विजय, नगर विकास न्यास के अध्यक्ष रामकुमार मेहता, कॅरियर पॉइंट के निदेशक ओम माहेश्वरी, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के संजय शर्मा, सहोदय कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष प्रदीप सिंह गौड़, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश शर्मा, जिला पेंशनर्स समाज के अध्यक्ष रमेशचंद गुप्ता, शिवज्योति एज्युकेशनल गु्रप से महेश गुप्ता, महामंत्री कुलदीप माथुर आदि अतिथि मौजूद थे।

कविताओं से गुरु का गुणगान

समारोह में विद्यार्थी सक्रिया सेठिया, कवि मुरलीधर गौड़ व साहित्यकार अतुल कनक ने गुरु की महिमा का गुणगान किया तो समूचा माहौल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में कुणाल गंधर्व ने नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। उसके बाद भामाशाह सम्मान किया गया। यहां कार्यक्रम में सरकारी विद्यालयों में कार्यरत निर्मला आर्य, रजिया खान, किशी लालवानी, मनोज भारद्वाज और अशोक गुप्ता को सम्मानित किया गया। इसी तरह निजी विद्यालयों में कार्यरत किरण पौराणिक, अर्चना जैन, शांति जैन, नवनीत खंडेलवाल, अनिल कुमावत, जागृति सिप्पी, निशा शर्मा, मनोरमा पंचोली, प्रेम प्रकाश नागर, गिरधर गोपाल पारेता, सुरेन्द्र नागर को सम्मानित किया गया। इनके आलावा सेवानिवृत शिक्षक घांसी लाल पारीक, बजरंग लाल गुप्ता, रामनारायण गुप्ता, नंद किशोर हाड़ा, शिव नारायण उपाध्याय को भी नवाजा गया।

चल स्कूलों की होगी शुरुआत

इस मौके पर सांसद बिरला ने कहा कि शहर की कच्ची बस्तियों में करवाए गए एक सर्वे में अधिकतम बच्चे स्कूल नहीं जाते है। शिक्षा से वंचित ऐसे बच्चों के लिए आने वाले दिनों में चल स्कूल खोले जाएंगे। चल स्कूल की शुरुआत मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित कच्ची बस्ती से की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र में 5 साल के बच्चे से लेकर बुजुर्ग महिलाओं को शिक्षित करने के लिए 5 गांवों में विशेष साक्षरता भी अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजक थे कोटा एज्यूकेशनल डलवपमेंट फोरम सोसायटी, कोटा प्राइवेट स्कूल्स वेलफेयर सोसायटी, कोटा प्राइवेट स्कूल्स एसोसियेशन, समस्त शिक्षक संघ, कोटा सहोदय कॉम्पलेक्स, प्रोग्रेसिव सहोदय कॉम्पलेक्स, निजी विद्यालय संचालक संस्थान कोटा, पेंशनर्स समाज (शिक्षक) कोटा।

Published on:
04 Sept 2017 12:31 pm