
झालरापाटन. आर्यिका यशस्विनी माता को नई पिच्छिका देने का सौभाग्य सवाई माधोपुर निवासी अशोक कुमार बड़जात्या व सुदृष्टि मति माता को पिच्छिका देने का सौभाग्य इंदौर निवासी कमल कुमार अग्रवाल को मिला। पुरानी पिच्छिका लेने का सौभाग्य झालरापाटन निवासी रेणू सुनील नौपडा़, पुष्पा देवी पदमचंद नौपडा़ व केकड़ी निवासी विजय कुमार को मिला। आर्यिकाओं का पाद प्रक्षालन केकड़ी निवासी टीकमचंद, शास्त्र भेंट ललित कुमार मौसम कुमार को मिला। कार्यक्रम में झालरापाटन के अलावा झालावाड़, पिडा़वा, इंदौर, उज्जैन, कोटा, केकड़ी, मकराना, मेड़ता सिटी व भोपाल तक के श्रावक मौजूद थे।
आर्यिका यशस्विनी माता ने कहा कि पिच्छिका साधु के संयम का उपकरण है। साल भर के उपयोग से यह घिस जाती है और इसकी कोमलता कम हो जाती है, इसीलिए प्राय: चातुर्मास के बाद साल में एक बार इसे बदला जाता है।
उन्होंने कहा कि पिच्छिका 1 वर्ष तक साधना का साधन रहती है और जिसके जीवन में है यह जाती है उसका पूरा जीवन ही परिवर्तित हो सकता है। उन्होंने बताया कि पुरानी पिच्छी लेने वाला श्रावक होता है, जबकि नई पिच्छिका लेने वाला साधु या आर्यिका होते हैं। उन्होंने पिच्छिका परिवर्तन के अवसर पर आजीवन ब्रह्मचर्य व्रत जैसे संकल्पों के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन यशोवर्धन बाकलीवाल व राजकुमार जैन ने किया।