कोटा

कोटा कलक्टर की ऑफिशियल ई-मेल पर मिली सीकर कलक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी

सतर्कता के तौर पर चला सर्च ऑपरेशन, जिला कलक्टर की ऑफिशियल आइडी पर तमिल और हिन्दी भाषा में लिखा ई-मेल भेजा

2 min read
May 04, 2026
Kota News

जिला कलक्ट्रेट में सोमवार सुबह उस समय हडकंप मच गया, जब जिला कलक्टर की ऑफिशियल ई-मेल आइडी पर तमिल और हिन्दी भाषा में प्राप्त ई-मेल पर सीकर कलक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस पर जिला प्रशासन ने पुलिस को अवगत करवाया। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए और सतर्कता के तौर पर कोटा जिला कलक्टर कार्यालय में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर अनिल सिंघल ने बताया कि जिला कलक्टर पीयूष समारिया के ऑफिशियल ई-मेल आइडी पर सीसी में आया ई-मेल तमिल और हिन्दी भाषा में लिखा था। इसे पुलिस को भेजा गया, इसमें सीकर कलक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस पर कंट्रोल रूम को सूचना देते हुए पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां तुरंत जिला कलक्टर कार्यालय पहुंची और आनन-फानन में जिला कलक्टर परिसर खाली करवाया गया। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने चैम्बर से बाहर निकल आए। इसके बाद जिला कलक्टर कार्यालय के एक-एक कक्ष में पुलिस जवान, बम खोजी दस्ता टीम और डॉग स्क्वायड टीम ने जांच शुरू कर दी। मामले की जांच पुलिस विभाग की साइबर सेल कर रही है।

कलक्ट्रेट परिसर करवाया खाली

बम होने की धमकी मिलने पर जिला कलक्टर कार्यालय में सर्तकता के तौर पर आम लोगों का प्रवेश रोक दिया गया। जांच के बाद धमकी अफवाह निकलने की पुष्टि हो गई। इसके बाद आम लोगों को जिला कलक्ट्रेट में प्रवेश दिया गया।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

इससे पहले भी कोटा में जिला कलक्टर कार्यालय और एक कोचिंग संस्थान को उड़ाने की धमकी मिली थी। इस पर सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जिला कलक्टर कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया गया था। बाद में यह भी अफवाह निकली।

सीकर जिला कलक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी का ई-मेल मिला था। इस पर यहां भी बम खोजी दस्ता टीम और डॉग स्क्वायड टीम ने पूरा निरीक्षण किया, लेकिन ऐसा कुछ नहीं पाया गया। यह कोरी अफवाह थी। इस मामले में ई-मेल भेजने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

- अनिल सिंघल, अतिरिक्त जिला कलक्टर, कोटा

Published on:
04 May 2026 07:53 pm
Also Read
View All