ऐसा क्या हुआ कि ट्रेन में बैठे यात्री हंगामे पर उतर आये और ट्रेन हो गई लेट
कोटा।
नई दिल्ली-से मुंबई सेन्ट्रल जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में घटिया खाना मिलने से यात्रियों ने सोमवार रात को हंगामा कर दिया। इस कारण कोटा जंक्शन पर 38 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। करीब 15 मिनट तक हंगामा होता रहा और कोच संख्या बी-2 के यात्री चेन पुलिंग करके ट्रेन को रोकते रहे।
यात्रियों को मुश्किल से समझाया
कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं आया तो ज्यादा हंगामा होने की सूचना आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी मनीष पांडेय को दी गई, वे दूसरे प्लेफार्म पर जबलपुर की ट्रेन पकडऩे जा रहे थे। हंगामा ज्यादा होने पर वे ट्रेन छोडकऱ प्लेटफार्म नम्बर दो पर आए और यात्रियों को मुश्किल से समझाया और ट्रेन में कंडक्टर को शिकायत देने के लिए राजी किया।
कोई सुधार नहीं हो रहा
समझाइश के बाद रेल के यात्री तो शांत हो गये लेकिन पांडे की ट्रेन छूट गई उन्हें मंगलवार को जबलपुर में सरकारी बैठक में भाग लेना था। गौरतलब है कि पिछले तीन माह में रेल मदद एप पर भी इस ट्रेन की शिकायतें बड़ी संख्या में आई हैं, इसकी जानकारी रेलवे बोर्ड को है, लेकिन सुधार नहीं हो रहा।
Read other News---
रेल यात्रियों के लिये अच्छी खबर
आप रेल यात्रा के दौरान पहचान पत्र की प्रतियां नहीं ले जाना चाहते हैं तो रेल मंत्रालय ने आपके लिए डिजिटल विकल्प खोल दिया है। इसके लिए आप को बनना होगा ‘डिजिटल इंडिया’ के अहम कार्यक्रम का हिस्सा। मतलब, डिजिटल इंडिया की बेबसाइट पर अपना डिजिटल लॉकर सुरक्षित करना होगा। जी हां, रेल मंत्रालय ने डिजिटल लॉकर में सुरक्षित रखे गए डिजिटल आधार और ड्राइविंग लाइसेंस को रेलयात्रा के दौरान पहचान के लिए वैधता प्रदान की कर दी है। ऐसे में सफर में दस्तावेज लेकर चलने की जरूरत नहीं रहेगी। यात्रियों के लिए रेल मंत्रालय की इस सुविधा को बेहतर माना जा रहा है।
ऐसे ले सकते हैं डिजिटल लॉकर
डिजिटल लॉकर डिजिटल इंडिया कार्यक्रम का अहम हिस्सा है। यह दस्तावेजों की छायाप्रति सुरक्षित रखने की इलेक्ट्रॉनिक तिजोरी की तरह काम आता है। इस वेबसाइट आधारित सेवा के जरिये यूजर जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र जैसे अहम दस्तावेजों को ऑनलाइन सुरक्षित रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर इन्हें इस्तेमाल कर सकते हैं। यह सुविधा पाने के लिए यूजर के पास आधार कार्ड होना चाहिए। अपना आधार अंक डाल कर यूजर अपना डिजिलॉकर खाता खोल सकते हैं।