कोटा

लगाई ऐसी तकनीक कि बिना ATM कार्ड, मशीन से निकाल लिए कड़क-कड़क नोट, ऐसे खुला राज

Kota News: पैसे कट जाने के बाद नकुल ने तुरंत बैंक को सूचना दी। बैंक प्रतिनिधि लोकेंद्र सिंह ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो दो संदिग्ध युवक बार.बार एटीएम में दाखिल होते दिखे।
2 min read
• •
Updated: 2 Jul 2025, 11:47 AM IST
Feature image
प्रतीकात्मक तस्वीर - पत्रिका

ATM Fraud News: कोटा शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में एक बेहद अनोखा और तकनीकी ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें दो युवकों ने एसबीआई एटीएम को अपना निशाना बनाते हुए ग्राहकों के खातों से पैसे निकालने की साजिश रची। दोनों ने डुप्लीकेट चाबी और टेप की मदद से मशीन में फंसे नोटों को निकालकर ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि इस तरह के मामले बेहद ही कम सामने आते हैं। दोनों यूपी से आए थे और कोटा में रह रहे थे। हर रोज कई एटीएम सर्च करते थे और मौका पाकर वारदात करते थे।

घटना का खुलासा तब हुआ जब 29 जून को नकुल चौहान नामक ग्राहक ने 20 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया। ट्रांजैक्शन तो पूरा हुआ, लेकिन एटीएम से पैसे बाहर नहीं आए। पैसे कट जाने के बाद नकुल ने तुरंत बैंक को सूचना दी। बैंक प्रतिनिधि लोकेंद्र सिंह ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो दो संदिग्ध युवक बार.बार एटीएम में दाखिल होते दिखे।

शक के आधार पर लोकेंद्र ने जब शाम को एटीएम पर नजर रखी, तो वहीं दोनों युवक दोबारा पहुंच गए। एक युवक को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी अभिषेक वर्मा के रूप में हुई। उसका नाबालिग साथी भी कुछ ही देर में पकड़ में आ गया।

सहायक थाना अधिकारी ललित कुमार ने बताया कि आरोपी अभिषेक और उसका नाबालिग साथी केवल ठगी के इरादे से कोटा आए थे। दोनों फ्लाईओवर के नीचे सोते थे और दिनभर एटीएम के पास रहकर ग्राहकों की गतिविधियों पर नजर रखते थे। दोनों ने यूट्यूब से तकनीक सीखकर डुप्लीकेट चाबी बनाई और मशीन के ट्रे पर टेप लगाई, जिससे नोट मशीन में फंसे रहते। पुलिस ने नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा है, जबकि अभिषेक को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। बैंक की ओर से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि इसी तरह से दोनों ने कई लोगों के रुपए एटीएम मशीन से चुराए हैं।

Updated on:
2 Jul 2025, 11:47 AM IST
Published on: