कोटा

बारां में अफसरों को विवाद पड़ा भारी, बूंदी में लापरवाह कर्मचारियों पर गाज

बारां में जलदाय विभाग के एसई, एक्सईएन निलम्बित, ग्राम सेवक को चार्जशीट, कलक्टर का पीए एपीओ
2 min read
• •
Updated: 20 Sep 2017, 2:16 AM IST
Two Engineer Suspended in Baran Chargesheet to Negligent Personnel in
Two Engineer Suspended in Baran Chargesheet to Negligent Personnel in

बारां. राज्य सरकार ने आदेश जारी कर जलदाय विभाग बारां वृत्त के अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंता (बारां डिवीजन) को निलम्बित किया है। यह आदेश संयुक्त शासन सचिव (कार्मिक विभाग) महेन्द्र कुमार खींची के हस्ताक्षर से सोमवार को जारी किए गए, लेकिन मंगलवार को यहां पहुंचे। आदेशों में कहा गया कि अधीक्षण अभियंता अनिल कछवाहा व अधिशासी अभियंता केसी मीणा के खिलाफ विभागीय जांच कार्यवाही प्रस्तावित है। इस कारण दोनों अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से निलम्बित किया जाता है। निलम्बनकाल में दोनों अधिकारियों का मुख्यालय जयपुर रहेगा। विभाग के कोटा के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामकिशन भारती ने बताया कि दोनों अभियंताओं के निलंबन की जानकारी मंगलवार को ही मिली है। फिलहाल इनके स्थान पर किसी को नहीं लगाया गया है। अन्य सक्षम अधिकारियों को ही अतिरिक्त चार्ज दिया जाएगा।

ग्राम सेवक को चार्जशीट

बूंदी. बिना पंजीयन पट्टे वितरित करने पर कलक्टर ने खटकड़ ग्राम पंचायत में ग्राम सेवक रामकैलाश मीणा को 16 सीसी की चार्ज शीट दी है। कलक्टर शिवांगी स्वर्णकार ने बताया कि सीएम के खटकड़ के अटल सेवा केन्द्र के निरीक्षण के दौरान पता चला कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय पट्टा अभियान के दौरान सचिव रामकैलाश मीणा ने 13 पट्टे जारी किए। उक्त पट्टों का पंजीयन नहीं कराया गया। जिला कलक्टर ने सीएम के निर्देशों की पालना में सचिव को चार्जशीट दी।

कलक्टर का निजी सहायक एपीओ
बूंदी कलक्टर के निजी सहायक अशोक जैन को मंगलवार को रेवेन्यू बोर्ड के चेयरमैन ने एपीओ कर दिया। जैन का मुख्यालय अजमेर कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि जैन के खिलाफ मुख्यमंत्री दौरे के दौरान शिकायतें मिली थी। सीएम के निर्देश पर निजी सहायक को मंगलवार को एपीओ कर दिया। एडीएम (प्रशासन) पी.सी. पवन ने बताया कि एपीओ करने के आदेश मिल गए हैं।

Published on: