
कोटा। उद्योग नगर थाना क्षेत्र के धाकड़खेड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर घायल हो गया। मृतकों की पहचान उम्मेदगंज निवासी अभिषेक (19) और मोनू (20) के रूप में हुई है। वहीं कालू (21) का अस्पताल में उपचार जारी है। शनिवार को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक, मोनू और कालू शुक्रवार रात करीब नौ बजे बाइक से घूमने के लिए रायपुरा से जगपुरा फोरलेन की ओर निकले थे। कैथून रोड फ्लाईओवर पार करने के बाद वे झालावाड़ रोड की ओर करीब 500 मीटर आगे पहुंचे, जहां कुछ देर के लिए रुके। इसी दौरान अभिषेक और मोनू ने मोबाइल से एक सेल्फी भी ली, जबकि कालू पास में पानी पीने चला गया था।
कुछ देर बाद तीनों जैसे ही बाइक से आगे बढ़े, पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क किनारे दूर जा गिरे। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने घायलों को संभाला और परिजनों को सूचना देने के साथ एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण अभिषेक और मोनू ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि कालू का उपचार जारी है।
उद्योग नगर थाने के एएसआइ सायर सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर तीनों युवक अचेत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। घटनास्थल पर ट्रक के टायरों के निशान मिले हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं। मोनू दो भाइयों में बड़ा था। छह माह पहले ही उसकी मां का निधन हुआ था, जबकि पिता लंबे समय से बीमार है। वहीं अभिषेक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।