कोटा

UPSC Result 2025: राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने किया ऑल इंडिया टॉप, जानें संघर्ष की कहानी 

राजस्थान की माटी ने एक बार फिर देश को अपना सर्वश्रेष्ठ हीरा दिया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा 6 मार्च 2026 को जारी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणामों में अनुज अग्निहोत्री (Anuj Agnihotri) ने इतिहास रचते हुए अखिल भारतीय प्रथम रैंक (AIR 1) हासिल की है। यह राजस्थान के लिए गौरव का क्षण है।

2 min read
Mar 06, 2026

जोधपुर/जयपुर। संघ लोक सेवा आयोग ने आज ( 6 March 2026 ) सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट ( UPSC Final Result 2025 ) घोषित कर दिया है। इस बार की परीक्षा में राजस्थान का दबदबा देखने को मिला है। UPSC टाॅपर अनुज अग्निहोत्री रावतभाटा (कोटा) के रहने वाले हैं। उन्होंने जोधपुर एम्स से एमबीबीएस किया है। अग्निहोत्री ने देश भर में पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। अनुज की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि राजस्थान के युवाओं में प्रतिभा और जज्बे की कोई कमी नहीं है।

अनुज अग्निहोत्री की शैक्षणिक यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान AIIMS जोधपुर से चिकित्सा विज्ञान (MBBS) की डिग्री हासिल की। साल 2023 में अपनी डॉक्टरी पूरी करने के बाद उन्होंने समाज की व्यापक सेवा के लिए प्रशासनिक सेवा में आने का फैसला किया। चिकित्सा क्षेत्र की उनकी पृष्ठभूमि ने उन्हें समस्याओं के प्रति एक संवेदनशील और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण दिया, जो यूपीएससी में उनके काम आया।

'DANICS' में नौकरी के साथ की तैयारी: संघर्ष की अनूठी मिसाल

अनुज की यह सफलता पहले प्रयास की नहीं बल्कि निरंतरता की जीत है। वह वर्तमान में DANICS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, दमन और दीव और दादरा और नगर हवेली सिविल सेवा) में कार्यरत हैं। एक पूर्णकालिक अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए अनुज ने अपनी पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने ऑफिस के बाद मिलने वाले सीमित समय का सदुपयोग किया और आखिरकार देश के सर्वोच्च पद तक पहुँचने का अपना सपना पूरा किया।

डॉ. अनुज इससे पहले भी दो बार यूपीएससी परीक्षा पास कर चुके हैं। यूपीएससी-2023 में अपने पहले प्रयास में उन्हें दानिक्स सेवा (दिल्ली और केंद्र शासित प्रदेश) मिली थी, जिसके तहत उनकी नियुक्ति दिल्ली में एसडीएम के पद पर हुई थी। अनुज ने वर्ष 2023 में जोधपुर एम्स से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। इससे पहले उन्होंने एम्स की ऑल इंडिया मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 215वीं रैंक हासिल की थी। उनके पिता के.बी. अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की यूनिट 1 और 2 में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं।

UPSC CSE 2025: परिणाम के मुख्य बिंदु

  • कुल चयन: इस वर्ष विभिन्न सेवाओं (IAS, IPS, IFS और ग्रुप ए/बी) के लिए कुल 958 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है।
  • परीक्षा चक्र: प्रीलिम्स 25 मई 2025 को हुआ था, जिसके बाद अगस्त में मुख्य परीक्षा आयोजित की गई और इंटरव्यू 27 फरवरी 2026 को समाप्त हुए।
  • टॉपर्स: अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर रहीं।
Updated on:
06 Mar 2026 03:59 pm
Published on:
06 Mar 2026 03:43 pm
Also Read
View All

अगली खबर