कोटा

Vegetable Price Drop: सब्जियों पर पड़ा युद्ध का असर, आलू-प्याज के भी गिरे दाम, जानें कोटा मंडी भाव

Mandi Bhav: मंडी के वर्तमान हालात यह हैं कि 100 रुपए में 6 किलो प्याज और 5 किलो आलू बिक रहा है। व्यापारियों के अनुसार, प्याज के निर्यात पर असर पड़ने और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते बाहरी मांग कम हुई है।

2 min read
Mar 28, 2026
Vegetable
फोटो: पत्रिका

War Impact In Rajasthan: कोटा शहर की फल-सब्जी मंडियों में इन दिनों आलू और प्याज के दामों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं, गर्मी के मौसम के बावजूद अन्य सब्जियों में अपेक्षित तेजी नजर नहीं आ रही। अधिक आवक और निर्यात में कमी के चलते बाजार में कीमतें लगातार नीचे आ रही हैं। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है, जबकि किसानों और व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।

मंडी के वर्तमान हालात यह हैं कि 100 रुपए में 6 किलो प्याज और 5 किलो आलू बिक रहा है। व्यापारियों के अनुसार, प्याज के निर्यात पर असर पड़ने और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते बाहरी मांग कम हुई है। इसका सीधा असर स्थानीय बाजार पर पड़ा है और कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। कम भाव मिलने से किसानों को नुकसान हो रहा है, जबकि आम लोगों को राहत मिल रही है।

आवक ज्यादा, निर्यात बंद

कोटा फ्रूट एंड वेजिटेबल मर्चेंट संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार मेहता ने बताया कि इस समय प्याज की आवक अधिक है और निर्यात बंद होने से बाजार में आपूर्ति बढ़ गई है। वर्तमान में प्याज की सप्लाई मुख्य रूप से मध्यप्रदेश से हो रही है, जबकि अगले माह नासिक से नई खेप आना शुरू हो जाएगी, जिससे कीमतों में और बदलाव संभव है। उन्होंने बताया कि आलू के दामों में गिरावट का प्रमुख कारण उत्तर प्रदेश के हाथरस क्षेत्र में अधिक उत्पादन है। वहां से बड़ी मात्रा में आलू की आवक हो रही है।

साथ ही स्थानीय स्तर पर भी अच्छी पैदावार के कारण बाजार में सप्लाई बनी हुई है, जिससे कीमतें नीचे आ गई हैं। गर्मी के मौसम में आमतौर पर सब्जियों के दाम बढ़ते हैं, लेकिन इस बार स्थिति अलग है। बाजार में भिंडी को छोड़कर अधिकांश सब्जियों के भाव में गिरावट या स्थिरता बनी हुई है। टमाटर, लौकी, बैंगन, कद्दू सहित कई सब्जियां सस्ते दामों पर उपलब्ध हैं।

फोटो: पत्रिका

युद्ध का असर भी दिखा

व्यापारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध जैसे हालात का असर भी बाजार पर पड़ रहा है। निर्यात प्रभावित होने से घरेलू बाजार में खपत बढ़ गई है, जिससे कीमतों में गिरावट आई है। यदि आने वाले समय में निर्यात फिर से सुचारु होता है तो दामों में सुधार की संभावना है। फिलहाल यह स्थिति उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी है, लेकिन किसानों को उचित मूल्य नहीं मिलने से चिंता बनी हुई है।

सब्जियों के भाव (रुपये प्रति किलो)

सब्जी - होलसेल - रिटेल

भिंडी - 30–35 - 70–80
टमाटर - 10–15 - 20–25
नींबू - 50–60 - 100
लौकी - 7–8 -10–15
मिर्ची - 15–20 - 30–35
अदरक - 50–60 - 80–90
खीरा - 10–15 - 20–25
शिमला मिर्च - 20–25 -30–40
सभी भाव कोटा फ्रूट एंड वेजिटेबल मर्चेंट संघ ने उपलब्ध कराए हैं।

Updated on:
28 Mar 2026 03:55 pm
Published on:
28 Mar 2026 08:53 am