
कीचड़ से बेहाल हुई सड़क
लबान. लगातार हो रही बारिश के कारण लाखेरी उपखंड की ग्राम पंचायत लबान के प्रतापगढ़ गांव की मुख्य सड़क कीचड़ से लथपथ हो गई है। सड़क पर काफी कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार पंचायत को समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पंचायत की ओर से ध्यान नहीं दिए जाने पर ग्रामीणों ने स्वयं पहल करते हुए ट्रैक्टर की सहायता से सड़क पर जमा कीचड़ हटाकर रास्ता साफ किया, ताकि लोगों का आवागमन सुचारु हो सके। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति हर वर्ष खराब हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से सड़क की स्थायी मरम्मत एवं जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।