
एसडीएम ने बाजारों का लिया जायजा
अकलेरा. नगर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए उपखंड अधिकारी बनवारी लाल बैरवा रविवार को सक्रिय नजर आए। उन्होंने नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस अधिकारियों के साथ सुबह करीब 9.30 बजे बड़ौदा चौराहे से पैदल निरीक्षण प्रारंभ किया और नगर के प्रमुख बाजारों का जायजा लिया। इस दौरान आम रास्तों और फुटपाथों पर सामान रखकर किए अतिक्रमण पर बैरवा ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दुकानदारों को तीन दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी बैरवा का निरीक्षण मोटर मार्केट, शहीद सर्कल, मुख्य बाजार, रामद्वारा, मनोहरथाना मार्ग, भोपाल नाका, बायपास मार्ग होते हुए बस स्टैंड तक चला। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर दुकानों के बाहर रखा सामान मौके पर ही हटवाया। उन्होंने शेष दुकानदारों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम रास्ते पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपखंड अधिकारी ने बताया कि प्रशासन व्यापारियों को पहले ही समझाइश दे चुका है। अब तीन दिन का अंतिम अवसर दिया है। इसके बाद बुधवार को विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। यदि किसी ने निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन कार्रवाई करेगा और इसकी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार की होगी। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार संपतराज वर्मा, नगर पालिका के अंशुल अग्रवाल, एएसआई भोलाराम, अब्दुल सलीम सहित नगर पालिका, राजस्व विभाग एवं पुलिस का जाप्ता उपस्थित रहा।
Updated on:
03 Aug 2026 06:02 am
Published on:
03 Aug 2026 06:01 am
