कोटा

मौसम विभाग ने चेताया तो आपदा प्रबन्धन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में हडकम्‍प, आननफानन में जारी की ये चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी पांच दिन बेहद खतरनाक है, राजस्थान में इन दिनों में लू का जबरदस्त प्रकोप रहेगा।
2 min read
• •
Updated: 27 May 2018, 9:01 PM IST
weather, terrible heat
मौसम विभाग की चेतावनी: राजस्थान के लिए बेहद खतरनाक है यह 5 दिन, भूलकर भी घर से बाहर न रखे कदम

कोटा . राज्य में आगामी 5 दिन लू चलने की केन्द्रीय मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एसडीआरएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने पि‍छले दि‍नों सभी पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर लू से बचाव के लिए स्वयं जागरुक रहने और आमजन को भी जागरूक करने को कहा है।


एडीजी बीएल सोनी ने पत्र में लिखा कि मौसम विभाग के अनुसार 25 से 29 मई तक लू चलने की संभावना है। इस दौरान आमजन, बच्चे व पशुधन को लू से बचाने के लिए दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर धूप में जाने से बचेंं। इस दौरान कठिन व भारी काम करने से बचें, बिना प्यास के भी खूब पानी पीएं, हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें, चश्मे, छतरी व टोपी का उपयोग करें, यात्रा करते समय पानी साथ रखें, नींबू, पानी, छाछ, लस्सी का उपयोग करें। उन्होंने पुलिसकर्मियों को खुद सावचेत रहने और आमजन को इसके लिए जागरुक करने को कहा है।

हाड़ौती में तपने लगी रोहिणी
हाड़ौती में शुक्रवार से रोहिणी तपने लगी, जो 8 जून तक तपेगी। हाड़ौती में शुक्रवार सुबह से तेज धूप रही। इसके चलते लोग परेशान रहे। दोपहर में 12 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चली। गर्मी, तेज धूप, लू के असर के चलते बाजारों में सन्नाटा छाया रहा।

Special News: कोटा में रोजाना 2.58 करोड़ की पड़ रही गर्मी!

गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को हाड़ौती के तापमान में मामूली गिरावट देखी गई। कोटा शहर का अधिकतम तापमान 43.7 व न्यूनतम 29.6 डिग्री मापा गया। बूंदी जिले में गर्मी के असर के चलते दिन में शहर की सड़कों पर सन्नाटा रहा। अधिकतम तापमान 47.2 व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। झालावाड़ में सुबह से ही सूरज की तपिश रही। लू के थपेड़ों से लोग परेशान रहे। अधिकतम 44 व न्यूनतम 28 डिग्री रहा। बारां जिले में दोपहर को तेज धूप, लू के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे। अधिकतम तापमान 47.4 व न्यूनतम 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

Published on: