
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरलाने कहा कि यदि राज्य सरकार नए एयरपोर्ट के लिए जमीन का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेज दे तो चार माह में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का काम शुरू करवा देंगे। दो दिन पहले ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों से इस संबंध में बात हुई है। स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जल्द से जल्द एयरपोर्ट की जमीन का प्रस्ताव केन्द्र को भेजें।
उन्होंने कहा कि संसद सत्र में राहुल गांधी से भी बात करेंगे और उनसे आग्रह करेंगे कि मुख्यमंत्री गहलोत को प्रस्ताव भेजने को कहें। कोटा व्यापार महासंघ की ओर से बुधवार को बूंदी रोड पर आयोजित स्नेह मिलन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ने यह बात कही। महासंघ से जुड़े डेढ़ सौ व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला और नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल का अभिनंदन किया। बिरला ने कहा कि कोटा की जनता मुझे और धारीवाल को सब कुछ दिया है विधायक और सांसद बनाया है। अब हमारी जिम्मेदारी है। कोटा में पर्यटन की काफी संभावनाएं है। पर्यटन की दृष्टि से कोटा का विकास होना चाहिए। मुकुंदरा टाइगर रिजर्व में बाघ आ चुके हैं। केन्द्र और राज्य सरकार जल्द और बाघ लाने के लिए प्रयासरत है। टाइगर रिजर्व जल्द पर्यटकों के लिए भी खोला जाएगा। बिरला ने कहा कि कोटा में अंतरराष्ट्रीय स्तर का विश्वविद्यालय खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।
महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन व महासचिव अशोक माहेश्वरी ने मांगें रखीं। विधायक संदीप शर्मा, मदन दिलावर, चन्द्रकांता मेघवाल, पूर्व विधायक हीरालाल नागर, महापौर महेश विजय, उप महापौर सुनीता व्यास, कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी, पीसीसी सदस्य डॉ. जफर मोहम्मद, राजेन्द्र सांखला,एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल, महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष बृजमोहन मालवीया आदि मंचासीन थे। संचालन गोपाल सोनी ने किया।