कोटा

Weather Forecast Today: आज तीन जिलों में अतिभारी बारिश की चेतावनी, श्रीगंगानगर में बाढ़ का अलर्ट

Weather Forecast Today : राजस्थान में मानसून मेहरबान है। बाड़मेर में मंगलवार सुबह जमकर बरसात से सडक़ें दरिया बन गईं। कई स्थानों पर दो-दो फीट तक पानी बहा।
2 min read
Jul 26, 2023
Weather Forecast Today Rajasthan Flood Imd Weather Update Weather Alert Weather News

Weather forecast Today : राजस्थान में मानसून मेहरबान है। बाड़मेर में मंगलवार सुबह जमकर बरसात से सडक़ें दरिया बन गईं। कई स्थानों पर दो-दो फीट तक पानी बहा। वहीं निचले इलाकों की कई कॉलोनियों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। बाड़मेर में 57 मिमी बारिश दर्ज की गई। बाड़मेर के अलावा अजमेर में 25.2, जैसलमेर में 12, उदयपुर में 5.2, जालोर में 4, सिरोही में 3.5 व श्रीगंगानगर में 3.3 मिमी बरसात हुई। लगातार बरिश के कारण सिरोही जिले के 19 बांध ओवरफ्लो चल रहे हैं।

सैकड़ों बीघा में खड़ी फसल जलमग्न
घग्घर नदी में हरियाणा से आ रहे पानी का दबाव अब श्रीगंगानगर जिले में घग्घर बहाव क्षेत्र पर पड़ने लगा है। बहाव क्षेत्र में जल स्तर बढ़ने से मंगलवार को कई जगह तटबंध टूट गए, जिससे सैकड़ों बीघा में खड़ी फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने बंधों में आए कटाव पाट दिए, लेकिन खतरा लगातार बना हुआ है। जल संसाधन विभाग उत्तर क्षेत्र के मुख्य अभियंता अमरजीत मेहरड़ा ने बताया कि ओटू बांध से पानी की आवक कम होने से हनुमानगढ़ जिले में बाढ़ का खतरा कम हुआ है। लेकिन वहां बहाव क्षेत्र में आया पानी अब नीचे श्रीगंगानगर जिले की ओर जा रहा है। यह पानी श्रीगंगानगर जिले में 100 किलोमीटर लंबे घग्घर बहाव क्षेत्र में बहता हुआ भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार कर पाकिस्तान जाएगा।

बिजली गिरने से 41 भेड़-बकरियों की मौत
बीकानेर के कोलायत तहसील के बीठनोक गांव की रोही में आकाशीय बिजली गिरने से 41 मवेशियों की मौत हो गई। बीठनोक निवासी विजयसिंह मंगलवार को रोही में अपनी भेड़- बकरियों को चराने के लिए गया था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बारिश होने लगी। वह एक जगह ठहर गया, जबकि भेड़-बकरियां पेड़ के नीचे खड़ी थीं, तभी आकाशीय बिजली गिरी, जिससे 41 भेड़-बकरियों की मौत हो गई।

जारी रहेगा बरसात का दौर
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार तेज बरसात का दौर अभी जारी रहेगा। केंद्र ने बुधवार के लिए झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़ में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Published on:
26 Jul 2023 08:07 am