मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
शहर में शीतलहर और कोहरे के असर से ठिठुरन बढ़ रही है। सुबह और रात के समय ठंडी हवा व कोहरे के चलते लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं हवा की रफ्तार औसतन 5 किलोमीटर प्रति घंटा रही। जिससे सर्दी का असर और अधिक महसूस हुआ। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। धूप के कारण दोपहर के समय सर्दी का प्रभाव कम रहा और बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल दिखाई दी। इसके बावजूद सुबह-शाम सर्दी का असर बना हुआ है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
छाएगा कोहरा, मावठ की भी संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिल सकता है। एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को राज्य के बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में हल्की बारिश अथवा मावठ होने की संभावना है।
इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। साथ ही, जनवरी के प्रथम सप्ताह में राज्य के उत्तरी और पश्चिमी भागों में घना कोहरा दर्ज किया जा सकता है। विभाग का अनुमान है कि आगामी तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।