25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘बर्दाश्त नहीं…’, अचानक निजी कार से जायजा लेने पहुंची कोटा SP तो मचा हड़कंप, लापरवाह पुलिसकर्मियों के जाप्ते को सुना दी ये सजा

Kota SP Sudden Inspection On Blockade: आगामी त्योहारों से पहले कोटा पुलिस की मुस्तैदी परखने सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम अचानक निजी कार से नाकाबंदी प्वाइंट पर पहुंचीं तो हड़कंप मच गया। जांच में तीन स्थानों पर लापरवाही मिलने पर एसपी ने जाप्ते को फटकार लगाते हुए पनिशमेंट ड्रिल की सजा दी।

3 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

image

अंकितराज सिंह चंद्रावत

Feb 25, 2026

Kota SP Action

फोटो: पत्रिका नीरज गौतम

Patrika Exclusive News: आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में शाम 7 से रात 10 बजे तक अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी की जा रही है। व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम पत्रिका टीम के साथ निजी कार में शहर के छह नाकाबंदी प्वाइंट पर पहुंचीं और मौके पर रियलिटी चैक किया। जांच के दौरान 3 स्थानों पर पुलिस की मुस्तैदी संतोषजनक मिली, जबकि तीन जगह लापरवाही सामने आई। एसपी ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां लापरवाही मिली, वहां तैनात जाप्ते को फटकार लगाई और पनिशमेंट ड्रिल की सजा दी।

एसपी गौतम ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है। सभी अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नाकाबंदी केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सुरक्षा का अहम हिस्सा है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

घटोत्कच सर्किल: दो बार यू-टर्न, फिर भी नहीं रोकी कार

महावीर नगर थाना क्षेत्र के घटोत्कच सर्किल पर डिप्टी मनीष शर्मा, महावीर नगर सीआइ भूपेंद्र सिंह और आरकेपुरम सीआइ रामविलास नाकाबंदी में तैनात थे। रात करीब 8:45 बजे एसपी की निजी कार नाकाबंदी प्वाइंट से लगभग 50 मीटर पहले पहुंची और यू-टर्न लेकर लौट गई।

सुना दी पनिशमेंट ड्रिल की सजा

करीब पांच मिनट बाद फिर कार आई और दोबारा यू-टर्न लेकर निकल गई, लेकिन किसी पुलिसकर्मी ने वाहन को रोकने की जहमत नहीं उठाई। करीब दस मिनट बाद वही कार नाकाबंदी प्वाइंट से होकर निकली, फिर भी उसे नहीं रोका गया। यू-टर्न लेते समय सामने दूसरी कार आने के बावजूद पुलिस की प्रतिक्रिया नहीं दिखी। रात 9:45 बजे एसपी मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नाकाबंदी सही तरीके से करने के निर्देश दिए। मौके पर तैनात जाप्ते को पनिशमेंट ड्रिल की सजा सुनाई।

बरडा बस्ती: संदिग्ध हरकत पर भी नहीं हुई जांच

अनंतपुरा थाना क्षेत्र की बरडा बस्ती में रात 9:15 बजे एसपी पहुंचीं। यहां नाकाबंदी प्वाइंट से पहले कार को यू-टर्न कराया गया, लेकिन तैनात पुलिसकर्मियों ने ध्यान तक नहीं दिया। करीब दस मिनट बाद कार फिर पहुंची और संदिग्ध तरीके से घुमाकर निकाली गई, फिर भी किसी ने वाहन को रोककर पूछताछ नहीं की। एसपी ने वहां पर खड़ी जाप्ते के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

डिस्टि्रक्ट सेंटर: एक बार नजरअंदाज, दूसरी बार में रोका

जवाहर नगर थाना क्षेत्र के डिस्टि्रक्ट सेंटर मार्ग पर सड़क के दोनों ओर नाकाबंदी की जा रही थी। पहली बार जब एसपी की कार वहां से गुजरी तो किसी पुलिसकर्मी ने ध्यान नहीं दिया। दूसरी बार तेज रफ्तार से पहुंचने पर जाप्ते ने वाहन को रोका। इस पर एसपी ने वहां मौजूद अधिकारियों को दूसरी ओर तैनात जाप्ते का नाम लिखित में देने के निर्देश दिए।

नाकाबंदी के दौरान ये देखा जाता है…

  • कार में काली फिल्म (टिंटेड ग्लास) तो नहीं लगी है।
  • कार में बैठे सभी लोगों ने सीट बेल्ट लगा रखा है या नहीं, इसकी जांच।
  • नाकाबंदी देखकर यदि कोई वाहन अचानक यू-टर्न लेता है, तो उसे रोककर जांच करना।
  • यदि कार में बैठे लोग संदिग्ध प्रतीत हों, तो वाहन की तलाशी लेना।
  • बाइक चालकों के हेलमेट पहनने की जांच।
  • पावर बाइक की तेज गति तथा साइलेंसर मॉडिफिकेशन की जांच।
  • संदिग्ध वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच।

आगे भी रियलिटी चैक करेंगे, लेकिन लापरवाही की सजा सख्त होगी

भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नाकाबंदी चैकिंग के दौरान तीन बिंदुओं पर पुलिस की सतर्कता में कमी पाई गई। ऐसे में मौके पर मौजूद जाप्ते को वहीं पर ‘पनिशमेंट ड्रिल’ की सजा दी गई है। आगे भी इस प्रकार के रियलिटी चैक निरंतर किए जाते रहेंगे। यदि कहीं भी लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तेजस्वनी गौतम, एसपी कोटा

फिर भी 3 घंटे में 281 चालान बना दिए

  • कुल चैकिंग पॉइंट: 10
  • कुल वाहन चैक किए: 627
  • एमवी एक्ट के तहत चालान: 281
  • धारा 207 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई: 12
  • धारा 185 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई: 21
  • धारा 50 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई: 11
  • शांतिभंग में कार्रवाई: 4