देश के कई राज्यों में चक्रवाती तूफान का असर
Biparjoy cyclone अरब सागर से उठे खतरनाक चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' का मतलब क्या है, किस देश ने इसका नाम रखा है। यह जानने की जिज्ञासा इस समय हर किसी के मन में है तो आइए हम बताते हैं आपको इस बारे में। Rajasthan weather update
बिपरजॉय का मतलब डिजास्टर, तबाही या आपदा होता है। यह एक प्राकृतिक आपदा है। इस बार चक्रवाती तूफान का नाम बांग्लादेश ने रखा है। अरब सागर व बंगाल की खाड़ी में आने वाले चक्रवाती तूफानों का नामकरण बारी-बारी से भारतीय प्रायद्वीप के देश रखते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अब बिपरजॉय ने खतरनाक रूप धारण कर लिया है। इसके असर से देश के कई राज्यों में भारी या अतिभारी बारिश की आशंका है। गुजरात के तटीय जिलों में तूफानी बारिश होगी। राजस्थान के भी कई जिलों में इसका असर रहेगा। तेज हवा, मेघ गर्जन और बारिश की गतिविधियां होंगी। राजस्थान के कई जिलों में ऑरेंज व यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।
राजस्थान में भीषण गर्मी, कल से बदलेगा मौसम
इधर, बिपरजॉय से पहले राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर बना हुआ है। गर्म हवा के थपेड़े परेशान कर रहे हैं। अधिकतम पारा 40 डिग्री के पार चल रहा है। मौसम विभाग ने 16 जून से प्रदेश का मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बारिश होगी तो गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। इससे आगामी दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी। हाड़ौती अंचल में भी तीखी गर्मी का मौसम बना हुआ है। सुबह से ही गर्मी व उमस का असर बना हुआ है। रातें भी काफी गर्म हो गई हैं।