
रामगंजमंडी. यहां रोसलीरोड स्थित एक जिंस गोदाम में बोरियों के नीचे दबने से वहां कार्यरत सुपरवाइजर की मृत्यु हो गई। मृत्तक मध्यप्रदेश के भानपुरा तहसील के अमजारी सानडा का निवासी था। थानाधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय के पीछे माया कॉमोडिटी मैनेजमेंट प्रा. लि. के गोदाम में मंडी से खरीद की जाने वाली जिन्स को बोरियों में भरकर रखा जाता है। शनिवार शाम 5 बजे गोदाम सुपरवाईजर कारुलाल भाट (35) गोदाम में निरीक्षण करने पहुंचा था। इसी दौरान जिंस से बोरियों की थप्पी मे से अचानक बोरियां नीचे गिर गई।
कारूलाल बोरियों के नीचे दब गया। हादसे के समय सुपरवाईजर अकेला था। उसका एक साथी मोबाइल रिचार्ज कराने गया था। गोदाम के अंदर जाने से पहले कारुलाल ने कोई अंदर प्रवेश नही कर सके, इस उद्देश्य से मुख्य द्वार की कुंदी लगा ली थी। इस बीच जिंस की बोरियों को खाली कराने पहुंचे हम्मालों ने अंदर से लगी कुंदी खुलाने के लिए आवाजें लगाई। कोई जवाब नहीं आने पर अंदर पत्थर फेंके। इसी बीच मोबाइल रिचार्ज कराकर आए कर्मचारी ने सुपरवाईजर को मोबाइल किया लेकिन अटेण्ड नहीं हुआ तो अंदर की कुंदी खोलकर हम्माल व साथी कर्मचारी गोदाम में पहुंचे। तलाशी की गई।
तलाशी के दौरान कारूलाल उड़द की बोरियों के नीचे दबा मिला। उसकी मृत्यु हो गई थी। बाद में कर्मचारी ने कंपनी मालिक को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में मृतक के परिजनों को सुचना दी। मृत्तक के गांव के मंडी यार्ड में कार्य करने वाले व मुनीम मौके पर पहुंचे। शव निकाल लिया गया है पोस्टमार्टम रविवार सुबह होगा।