
एक दिन पहले करवाचौथ पर जिस पति की लम्बी उम्र की कामना के लिए पूरे दिन निर्जला व्रत रखा, उसके अगले ही दिन हादसे में उसकी मौत हो गई। सुहाग का जोड़ा सजाए बैठी नव विवाहिता की 6 महीने पहले ही शादी हुई थी।
उद्योग नगर थाना क्षेत्र में दो बाइकों की भिडंत में सोमवार रात को केशवराय पाटन थाना क्षेत्र के सुनगर निवासी 30 वर्षीय नरेश सुमन की मौत हो गई। नरेश रात को रायपुरा स्थित अपनी दुकान बढ़ाने के बाद बाइक से कोटड़ी स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। थेगड़ा में शिवपुरी धाम के पास अचानक सामने से तेज गति से आई दूसरी बाइक सवार ने नरेश की बाइक के इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह नीचे गिरकर घायल हो गया। वहां मौजूद लोग उसे लेकर तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचे। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाइक छोड़कर भागा टक्कर मारने वाला
नरेश की मौत की सूचना जैसे ही उसके ससुराल में पत्नी व अन्य परिजनों और गांव में घर वालों को चली तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने रात को शव मोर्चरी में रखवा दिया था। मंगलवार सुबह पोस्ट मार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई भंवरलाल ने बताया कि चार बहन भाईयों में नरेश सबसे छोटा था। उसकी 6 माह पहले अक्षय तृतीया पर ही सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी हुई थी। एएसआई भगवान दास ने बताया कि नरेश की मौत सामने से दूसरी बाइक की भिडंत से हुई थी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके पर बाइक छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने बाइक जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आर्थिक तंगी से परेशान होकर की आत्महत्या
कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने आर्थिक तंगी के चलते घर पर ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। हैड कांस्टेबल सीताराम ने बताया कि पुरानी सावरमती कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय नेमीचंद वाल्मीकि ने घर पर ही फंदा लगा लिया। जिस समय उसने फंदा लगाया उस समय घर वाले काम से बाहर गए हुए थे। परिजनों के अनुसार वह बेरोजगार था और कभी-कभार खुली मजदूरी कर लेताथा इससे आर्थिक तंगी होने पर वह लम्बे समय से तनाव में था। मंगलवार सुबह घर पर अकेला होने से उसने फंदा लगा लिया। जैसे ही घर वाले आए तो उन्हें पता चला। वे उसे उतारकर एमबीएस लेकर गए। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।