कुचामन शहर

‘भगा-भगा कर एनकाउंटर करो’, गैंगस्टर्स की धमकी पर भड़कीं सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत

कुचामन में बीजेपी नेता विजय सिंह पलाड़ा को मिली धमकी के विरोध में शहर बंद रहा। थाने के बाहर धरने में शीला शेखावत ने गैंगस्टर्स को ललकारा और कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि मांगें न मानीं तो नरेंद्र मोदी की अजमेर सभा का बहिष्कार करेंगे।
2 min read
Kuchaman Chase them and kill them in encounter Sukhdev Singh Gogamedi wife Sheela fumed at gangsters threat
शीला शेखावत ने गैंगस्टर्स को ललकारा (फोटो- पत्रिका)

कुचामन/डीडवाना: राजस्थान के कुचामन शहर में बीजेपी नेता विजय सिंह पलाड़ा को मिली जान से मारने की धमकी के बाद बवाल मच गया है। इस धमकी के विरोध में पूरा कुचामन शहर बंद रहा और बाजार में एक भी दुकान नहीं खुली।

बता दें कि आक्रोशित समर्थकों ने थाने के सामने डेरा डाल दिया। जहां दिवंगत सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत और करणी सेना के नेताओं ने हुंकार भरी। धरना स्थल पर गरजते हुए शीला शेखावत ने पुलिस प्रशासन और गैंगस्टर्स दोनों को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने भावुक और आक्रामक लहजे में कहा, आज तो घर-घर PSO बांटे जा रहे हैं, लेकिन जब जरूरत थी तब प्रशासन कहां था? क्या हमारे मरने का इंतजार करते हो? गैंगस्टर्स को सीधी चुनौती देते हुए उन्होंने कहा, ये भिखमंगे कॉल करके धमकाते हैं।
अरे, हम क्षत्रिय हैं, लड़ना जानते हैं, जिस दिन मन में आए, एक बार जगह और टाइम बता देना। बेटा, जी-जान लगा दूंगी लेकिन तुम्हें जिंदा जाने नहीं दूंगी। मेरे अंदर क्षत्राणी का खून है, तुम जैसे लोगों से डरने वाली नहीं हूं।

सड़कों पर एनकाउंटर की मांग

विरोध प्रदर्शन के दौरान खो-खो संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवराज सिंह पलाड़ा ने भी तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने दो-टूक कहा कि अगर ये गैंगस्टर्स पकड़ में आते हैं, तो इन्हें जेल भेजने के बजाय सड़कों पर भगा-भगा कर इनका एनकाउंटर किया जाना चाहिए। वहीं, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि अगर सामने वाला एक गोली चलाता है, तो हमें दस चलाने की हिम्मत रखनी होगी, तभी ये खौफ खत्म होगा।

PM मोदी की सभा के बहिष्कार की चेतावनी

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह विरोध केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा। उनकी मुख्य मांगें हैं। धमकी पाने वाले परिवारों को तत्काल हथियारबंद सुरक्षा दी जाए। विजय सिंह पलाड़ा मामले की जांच एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (जयपुर) को सौंपी जाए।

प्रदर्शनकारियों ने एलान किया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो सर्व समाज अजमेर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा का पूर्ण बहिष्कार करेगा और उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे। फिलहाल, कुचामन में भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Updated on:
18 Feb 2026 12:23 pm
Published on:
18 Feb 2026 11:47 am