
गैंगस्टर की धमकी के विरोध में कुचामन शहर बंद। फोटो: पत्रिका
कुचामनसिटी। व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों को धमकी देकर रंगदारी मांगने के विरोध में डीडवाना-कुचामन जिले का कुचामन शहर में आज बंद रखा गया है। कुचामन बंद के आह्वान का व्यापक असर देखने को मिल रहा है, शहर के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद हैं। कुचामन बंद को सभी व्यापार मण्डलों ने समर्थन दिया है।
भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को कुख्यात रोहित गोदारा गैंग के सदस्य विरेंद्र चारण की ओर से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को सर्व समाज की बैठक हुई। जिसमें कुचामन शहर बंद रखने की घोषणा की गई थी।
कुचामन शहर में सुबह से ही दुकानें बंद है। 11 बजे शहरवासी कनोई पार्क में एकत्रित हुए। इसके बाद जुलूस के रूप में कुचामन पुलिस थाने तक पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया।
व्यापारी वर्ग, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। सर्व समाज ने प्रशासन को आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके नेटवर्क का खुलासा नहीं करने पर प्रदेशस्तर पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी।
वक्ताओं ने कहा कि गैंगस्टर की ओर से व्यापारी रमेश रूलानिया की हत्या के बाद भी रंगदारी का सिलसिला नहीं थमा। कई व्यापारियों को फोन पर धमकियां मिल रही हैं। भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को जान से मारने की धमकी दी गई है। कुचामन अब और लाशें नहीं गिनेगा, समय रहते सख्त कार्रवाई जरूरी है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैंगस्टर खुलेआम धमकी दे रहे हैं, लेकिन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने कठोर कदम नहीं उठाए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
कुचामन शहर में रंगदारी के लिए गैंग ने शुरुआत में पांच प्रतिष्ठित व्यक्तियों को निशाना बनाया। पुलिस की धीमी कार्रवाई के बावजूद, घाटवा के व्यापारी रमेश रूलानिया की हत्या कर दी गई। इसके पहले शराब कारोबारी दातार सिंह और कुचामन के तीन अन्य प्रतिष्ठित लोगों को धमकियां मिल चुकी थीं। अब गैंग ने भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा और उनके परिवार को निशाने पर लिया है। सरगना वीरेन्द्र चारण व्हाट्सएप पर धमकी भरे ऑडियो भेज रहा है और दैनिक गतिविधियों पर नजर रखकर मनोवैज्ञानिक दबाव बना रहा है।
Updated on:
17 Feb 2026 03:10 pm
Published on:
17 Feb 2026 12:34 pm
बड़ी खबरें
View Allकुचामन शहर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
