कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र में पशु तस्करों की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेरेबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू किया। इसमें रामकोला, खड्डा और नेबुआ नौरंगिया थाने की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया। मुठभेड़ में दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई।
बुधवार अल सुबह कुशीनगर के रामकोला थाने के मुख्य पश्चिमी गंडक नहर पर सिंगहा रेगुलेटर के समीप पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़ हुई।पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो पशु तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गए है। इनके पास से दो पिकअप पर 9 गौवंश, दो तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
मंगलवार की रात थाना रामकोला क्षेत्र में पशु तस्करों के होने की सूचना प्राप्त हुई। इस पर तत्काल थाना रामकोला, खड्डा, नेबुआ नौरंगिया की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा बुधवार को भोर में थाना रामकोला क्षेत्र के सिंगहा रेगुलेटर के पास घेराबंदी कर चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान एक पिकअप वाहन आते हुए दिखाई दिया जिसको पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किया तो पिकअप वाहन से फायरिंग शुरू कर दी गई, पुलिस की फायरिंग में दो व्यक्ति घायल हो गये जिनकी पहचान शाहरुख अली निवासी जंगल बिहूली बेलहवा बंजारा टोला थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर व आरिफ अंसारी पुत्र लड्डू निवासी डोमनपट्टी थाना खड्डा जनपद कुशीनगर के रुप में हुई, जिनको गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान एक पिकअप वाहन, 09 प्रतिबंधित पशु, दो अवैध तमन्चा, दो जिन्दा व 02 खोखा कारतूस, 2 हजार रुपये नगद, दो मोबाइल फोन, बाँका, ठीहा बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्करों में एक पशु तस्कर पर पांच व दूसरे पर तीन केस पहले से दर्ज है। घायल बदमाशों की जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। इस कारवाई में प्रभारी निरीक्षक आनन्द गुप्ता थाना रामकोला, हर्षवर्धन सिंह थाना खड्डा, थानाध्यक्ष दीपक सिंह थाना नेबुआ नौरंगिया आदि शामिल रहे।