
Murder In Riyadh Saudi Arabia Inside Story: उत्तर प्रदेशके कुशीनगर जिले के रामकोला क्षेत्र के रोवारी गांव निवासी 65 साल के अनवर अंसारी कीसऊदी अरब की राजधानी रियाद में हत्या कर दी गई। सोमवार को उनका शव कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला। बताया जा रहा है कि उनकी गला काटकर हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मामले में रियाद पुलिस ने एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिवार के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले रविवार रात को अनवर की घरवालों से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय उन्होंने किसी विवाद या परेशानी का जिक्र नहीं किया था। आपके बताते है मामले की इनसाइड स्टोरी।
दरअसल, अनवर अंसारी करीब 3 दशक से सऊदी अरब में रहकर काम कर रहे थे। उनके भाई अकबर अंसारी ने बताया कि अनवर करीब 1 साल तक घर पर रहने के बाद इस साल जून में दोबारा सऊदी अरब गए थे। इस बार वह अबहा शहर पहुंचे थे, जहां एक ठेकेदार यानी कफील के साथ बुलडोजर चालक के तौर पर काम कर रहे थे। करीब 1 महीने पहले ठेकेदार का काम पूरा हो गया। इसके बाद ठेकेदार ने उन्हें भारत लौटने या किसी दूसरी जगह काम करने की अनुमति दे दी थी। काम खत्म होने के बाद अनवर रियाद चले गए थे। यहीं एक कमरे में उनके साथ यह घटना हुई।
अकबर अंसारी के मुताबिक, रविवार रात अनवर की परिवार के लोगों से फोन पर आखिरी बातचीत हुई थी। इस दौरान उन्होंने बताया था कि उनके कुछ पैसे फंसे हुए हैं। पैसे मिलने के बाद उन्होंने उमरा के लिए जाने की बात कही थी। परिवार का कहना है कि बातचीत के दौरान अनवर ने किसी व्यक्ति से विवाद या किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। इसके अगले ही दिन रियाद में उनके कमरे में उनका शव मिलने की सूचना परिवार तक पहुंची।
अकबर अंसारी ने बताया कि अनवर की हत्या की जानकारी रियाद में रहने वाले कुशीनगर के एक व्यक्ति के माध्यम से परिवार को मिली। इसके बाद परिवार ने सऊदी अरब में रहने वाले अनवर के दो भाइयों आस मोहम्मद और असगर अली को घटना की जानकारी दी। अनवर के दोनों भाई भी रियाद में रहते हैं। जानकारी मिलने के बाद असगर अली सोमवार को घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के मुताबिक, मौके पर उन्हें यमन का एक नागरिक मिला।
परिवार के अनुसार, यमन के नागरिक ने बताया कि रियाद पुलिस ने हत्या के मामले में एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है। हालांकि, हत्या किस वजह से की गई और घटना के पीछे क्या कारण था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। परिवार घटना की पूरी जानकारी और पुलिस की जांच के बारे में और जानकारी का इंतजार कर रहा है। अनवर के भाई अकबर ने बताया कि वह शुक्रवार को सऊदी अरब पहुंचेंगे।
अनवर अंसारी की हत्या की खबर के बाद रोवारी गांव में भी शोक का माहौल है। परिवार के लोग घटना के कारण को लेकर चिंतित हैं। अनवर लंबे समय से सऊदी अरब में रहकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।फिलहाल रियाद पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।