
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पटहेरवा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर लबनिया गांव के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, प्राइवेट बस आनंद विहार (दिल्ली) से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। बस में सवार अधिकांश यात्री दीवाली और छठ पूजा का त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे थे। शनिवार तड़के लबनिया गांव के समीप बस की सीधी टक्कर एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय राहगीरों की सूचना पर तत्काल पटहेरवा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से तमकुहीराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया।
घायलों का इलाज तमकुहीराज CHC में जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।