
कुशीनगर. जिले के रामकोला थाने के गांव खोटही में ग्रामीणों ने एक महिला व पुरुष को पेड़ में बांध कर जमकर पिटाई की है। अवैध सम्बंधों के शक में की पिटाई का वीडियो बुधवार को वायरल होने के बाद हरकत आई पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, कच्ची शराब बनाने व बेचने का काम खोटही गांव के तमाम घरों में होता है।
गांव का ही एक व्यक्ति अक्सर शराब पीने के लिए एक अड्डे पर जाया करता था। मंगलवार की शाम को जब यह व्यक्ति रोज की भांति शराब पीने के लिए गया तो कुछ लोगों ने इस व्यक्ति और एक दलित महिला को पकड़ लिया। अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए दोनों को एक पेड़ से बांध दिया और समूह बना कर महिला और पुरुष की पिटाई करने लगे।
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची खोटही चौकी की पुलिस ने दोनों को बंधनमुक्त करा दिया। परंतु आज बुधवार को पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एकबार फिर हरकत में आ गई और पिटाई करने वालों पर केस दर्ज कर लिया है।