कुशीनगर

13 चिरागों को बुझाने के बाद चेता रेलवे, अब हादसे वाली क्र्र्रासिंग पर सब-वे बनेगा

काश, यह निर्णय पहले हो जाता तो शायद इन माताओं की गोद सूनी न होती
3 min read
• •
Updated: 27 Apr 2018, 10:45 AM IST
rail haadsa

तेरह चिराग बुझाने के बाद अब सरकार को भी समझ आई और रेलवे भी चेता है। कुशीनगर के दुदही में बहपुरवा रेलवे क्रासिंग पर पूर्वाेत्तर रेलवे सब-वे का निर्माण कराएगा। पूर्वाेत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल ने लोकल वर्क प्रोग्राम के तहत इस सब-वे के निर्माण की स्वीकृति दी है।
एलफिंस्टन हादसे के बाद रेल मंत्रालय ने रेलवे के सभी जोन को अधिकार दिया था कि लोकल वर्क प्रोग्राम के तहत वे छोटे-मोटे निर्माण कार्य करा सकते हैं।
पूर्वाेत्तर रेलवे के अधिकारियों की मानें तो दुदही के बहपुरवा क्रासिंग के सब-वे निर्माण पर करीब तीन करोड़ के आसपास का खर्च आएगा। इसके लिए प्रारंभिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। जल्द ही ई-टेंडरिंग भी कर दी जाएगी।
दुदही का बहपुरवा क्रासिंग कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर है। यह मानवरहित समपार गेेेट नंबर 45/सी है। यहां जो सब-वे बनेगा वह तकरीबन पौने पांच मीटर चैड़ा और साढ़े तीन मीटर उंचाई का होगा।

बता दें कि गुरुवार को कुशीनगर के दुदही में बहपुरवा मानवरहित समपार फाटक पर पैसेंजर ट्रेन और स्कूल वैन की टककर में 13 मासूमों की जान चली गई। जबकि छह बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। वैन में 20 बच्चे सवार थे। बाकी का इलाज गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल काॅलेज में चल रहा है। घटना की जानकारी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुःख प्रकट करते हुए प्रत्यके मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया। जबकि घायलों को पचास-पचास हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का भी जायजा लिया था।
गुरुवार को कुशीनगर के डिवाइन मिशन स्कूल का स्कूल वैन बच्चों को लेकर दुदही में मानवरहित समपार फाटक पार कर रहा था। इसी दौरान सीवान से गोरखपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन ने टककर मार दी। इस हादसे में वैन में सवार 13 बच्चों की मौत हो गई जबकि सात बच्चे घायल हो गए। इस हादसे के बाद चारों ओर कोहराम मच गया। हादसे में मिश्रौली गांव की प्रधान किरण देवी पत्नी अमरजीत ने तीन मासूम संतोष, रवि और सात वर्षीय बेटी रागिनी को खो दिया। पड़रौन मुडरई गांव के हैदर अली के दो बेटे गोलू उम्र 8 वर्ष और कमरूल उम्र 10 वर्ष की मौत हो गई। बतरौली गांव के हसन की दो बेटियों साजिदा 11वर्ष और तमन्ना 10 वर्ष काल के गाल में समा गईं। मैहरवा गांव के मैनुद्दीन के बेटे मिराज उम्र 8 वर्ष और बेटी मुस्कान 7 वर्ष की मौत हो गई। कोकिला पट्टी नौशाद के 8 वर्षीय बेटे अतिउल्लाह, मैहरवा के जहीर के 9 वर्षीय पुत्र अरशद और नजीर के पुत्र 8 वर्षीय पुत्र अनस की जान चली गई। बतरौली के अम्बर सिंह का 8 वर्षीय बेटा हरिओम भी इस हादसे का शिकार हो गया।
जबकि पांच घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। घायल कृष्णा उम्र 9 वर्ष, कलीम 7 वर्ष, रोशनी 10 वर्ष, समीर 7 वर्ष एवं ड्राइवर नियाज का इलाज यहां चल रहा है।
देर शाम तक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सीएम ने बीएसए कुशीनगर, बीईओ दुदही, एआरटीओ और पीटीओ को सस्पेंड कर दिया था। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारीजन से भी मुलाकात कर ढांढस बंधाया। हादसे के तत्काल बाद क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार लल्लूू भी पहुंचकर बच्चों को अस्पताल पहुंचवाने में लगे हुए थे।
इस हादसे के संबंध में रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि हादसा सुबह सवा सात बजे विशनुपुरा थानाक्षेत्र के दुदही रेलवे स्टेशन के पास मानव रहित क्रासिंग पर हुआ। क्रासिंग संख्या-45 पर क्रासिंग मित्र तैनात था। उन्होंने बताय कि क्रासिंग मित्र ने वैन ड्राइवर को रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं रूका।

Published on: