कुशीनगर

प्रतिबंध के बाद भी कुशीनगर जिले में धड़ल्ले से हो रहा भ्रूण परीक्षण

बेटियों को समाज में बराबरी का सम्मान दिलाने के लिए प्रदेश से लेकर केंद्र तक की सरकार परेशान है
2 min read
• •
Updated: 30 Jun 2018, 10:23 PM IST
up crime
प्रतिबंध के बाद भी कुशीनगर जिले में धड़ल्ले से हो रहा भ्रूण परीक्षण

कुशीनगर. जनपद में कन्या भ्रूण हत्या के लिए डायग्नोसिस केंद्रों पर भ्रूण परीक्षण जारी है। खुद जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई इस बात की गवाही दे रही है। यह उस समय हो रहा है जब कन्या भ्रूण हत्या रोकने तथा बेटियों को समाज में बराबरी का सम्मान दिलाने के लिए प्रदेश से लेकर केंद्र तक की सरकार परेशान है।

मालूम रहे कि अनुपात में बढ़ रहे अंतर को देखते हुए सरकार ने काफी पहले से भ्रूण परीक्षण पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा रखा है। नियमों के मुताबिक भ्रूण परीक्षण एक दंडनीय अपराध माना जाता है। इसके बावजूद भी जिले में न केवल बड़ी संख्या में अवैध अल्ट्रासाउंड व डायग्नोसिस सेंटर संचालित हो रहे हैं बल्कि वहां मोटी रकम लेकर भ्रूण परीक्षण किया जा रहा है। स्थिति यह है कि जिले के लगभग हर बाजार व चौराहे पर एक-दो डायग्नोसिस सेंटर मौजूद है जहां भ्रूण परीक्षण जैसा काला काम होता है।

बीते दिनों एसडीएम तमकुहीराज द्वारा की गई कार्रवाई से इसकी पुष्टि भी होती है। 15 जून को तमकुहीराज के एसडीएम त्रिभुवन ने अपने सहयोगियों के साथ जिले के सेवरही कस्बे में संचालित डायग्नो केयर सेंटर, राधिका डायग्नोस्टिक सेंटर व शिफा डायग्नोसिस सेंटर की जांच किया। अवैध रूप से संचालित इन तीनों केंद्रों को एसडीएम ने सील कर दिया और इनके संचालकों पर केस दर्ज करा दिया। आरोप है कि तीनों केंद्र भ्रूण परीक्षण जैसे प्रतिबंधित काम में लिप्त थे।

सेवरही कस्बे के ही एक पैथालॉजी को भी एसडीएम ने सील कराकर संचालक पर केस दर्ज करा दिया। 20 जून को एसडीएम तमकुहीराज ने जिले दुदही बाजार में संचालित जनता डायग्नोस्टिक सेंटर को भ्रूण परीक्षण करने के आरोप में सील करा दिया। जिले के केवल तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में महज दो बाजारों में हुई जांच में एसडीएम को 4 अल्ट्रासाउंड केंद्रों व एक पैथालॉजी को सील कराना पड़ा।

सूत्रों का मानना है कि जिले के सभी 6 तहसीलों के बाजारों, कस्बों व चौराहों पर संचालित हो रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों व पैथालॉजी की जांच करा दी जाय तो 100 से ज्यादा केंद्र ऐसे मिल जाएंगे जहां भ्रूण परीक्षण जैसा जघन्य काम होता है।

Published on: