
कुशीनगर. शहरी निकाय चुनाव में बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को कुशीनगर जिले में थे। हाटा कस्बे में मीडिया से बातचीत करते हुए केशव मौर्या ने फिल्म पद्मावती के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि विवादित दृश्यों को हटाने के बाद ही पद्मावती फिल्म को यूपी में दिखाने की इजाजत दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सूबे का विकास करना चाहती है, विधान सभा चुनाव के घोषणा पत्र के अनुरूप भाजपा सरकार किसानों, महिलाओं व गरीबों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शहरी निकाय चुनाव में भी भाजपा ने संकल्प पत्र जारी किया है और भाजपा के प्रत्याशी जीतेगे तो इसी संकल्प पत्र के ही हिसाब से शहरों, कस्बों में कार्य होगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं की तुलना हनुमान से करते हुए उप मुख्यमंत्री ने मंच से ही जिले के अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि कोई कार्यकर्ता जनसमस्या लेकर उनके पास जाता है तो उसका निदान अधिकारियों को करना होगा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की अगुआई में सरकार बनने के बाद अपराध में कमी आई है, अपराधी जेल में पहुंचा दिए गए या फिर ऊपर भेज दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली से भेजा जाने वाला रुपया गरीबों तक नहीं पहुंचता था लेकिन अब ऐसा नहीं है. गरीबों का पैसा अब सीधे उनके खाते में पहुंच रहा है। उन्होंने लोकसभा, विधान सभा की ही तरह शहर में भी भाजपा की सरकार बनाने बनाने की अपील करते हुए कहा कि शहरों के विकास के लिए भाजपा ने संकल्प पत्र तैयार किया है. इसी संकल्प पत्र के हिसाब से ही शहरों, कस्बों का विकास होगा। उन्होने निकाय चुनाव में भी भाजपा के प्रचंड जीत का दावा किया. एक सवाल के जबाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विवादित दृश्यों के हटाने के बाद ही पद्मावती फिल्म को उत्तर प्रदेश में दिखाने की अनुमति दी जाएगी।
BY- A. K. MALL