
लखीमपुर खीरी. अब जल्द डाक विभाग की अपनी बैंक होगी और इंडिया पोस्टल पेमेंट बैंक जल्दी ही अपना काम करना शुरू कर देगी। इस बैंक के माध्यम से लोगों को घर बैठे जमा और निकासी की सुविधा मिल सकेगी। इस बैंक के माध्यम से लोगों को घर बैठे ग्राहक के एक मैसेज पर पोस्टमैन बताई गई जगह पर जमा राशि लेने और भुगतान देने के लिए पहुंच जायेगा। धन निकालते समय ग्राहक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर अलार्म भी बजेगा और पैसा निकालने के बाद अन्य बैंकों की तरह मैसेज भी पहुंचेगा। पहले चरण में इंडिया पोस्टल पेमेंट बैंक जिला मुख्यालय पर खोली जा रही है। इसके बाद में इसका विस्तार सभी शाखाओं डाकघरों तक होगा। इस बैंक का मकसद गांव-गांव तक लोगों को बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराना है। प्रधान डाकघर में खुलने वाली यह बैंक पूरी तरह से तैयार हो चुकी है और स्टाफ भी तैयार कर दिया गया है।
बैंक भारतीय रिजर्व बैंक की गाइड लाइन के अनुसार ही काम करेगी लेकिन इसका नियंत्रण विभाग के अधीन होगा। अधीक्षक एके जैन ने बताया कि पहले चरण में जिला मुख्यालय पर इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक खोली जा रही है और बहुत जल्द ही एक साल के अंदर इसका विस्तार डाकघर की सभी शाखाओं में किया जाएगा। इसके लिए डाकघर ने सीएसई रोल ऑन किया जा रहा है। शुरुआती दौर में दो तरह के खाते सेविंग और करेंट अकाउंट खोले जायेगे। जिनकी लिमिट एक लाख होगी। इंडिया पोस्टल बैंक में खाता खोलने के साथ ही ग्राहक का डाकघर में भी खाता खोला जाएगा। यदि जमा राशि एक लाख से ऊपर होती है तो ग्राहक की असहमति पर अतिरिक्त धनराशि ग्राहक के खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इस बैंक से ग्राहक को जो विशेष सुविधा मिलने वाली है वह यह है कि खाता धारक की एक मैसेज पर पोस्ट मैन घर या काम करने वाली जगह पर जाकर उसके खाते में जमा करेगा। इसी तरह एक एसएमएस पर भी डाकिया भुगतान करने आयेगा। किसी भी माध्यम से पैसा निकालने की प्रक्रिया शुरू होते ही अलार्म बजेगा। इसके बाद ही खाते में पैसा निकलेगा। पैसे निकलने के बाद दूसरी बैंक की तरह के मोबाइल पर मैसेज भी आएगा। बैंक खाता खोलने के लिये बैंक के स्टाफ की पूरी तैयारी हो चुकी है। जिसमे लखीमपुर में मनोज कुमार शर्मा को शाखा प्रबंधक के रूप में तैनात किया है। इसके अलावा प्रशांत अवस्थी ऑपरेशन मैनेजर और आशीष कुमार टेटरी मैनेजर समेत पूरा स्टाफ शुरू करने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है। इस बैंक में आरटीजीएस और नेफ्ट बैंकिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगे। इस माह के अंत तक इस बैंक का उद्घाटन हो सकता है।
डॉ एके जैन ने बताया कि गांव गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य इंडिया पोस्टल पेमेंट बैंक प्रधान डाकघर में खोली जा रही है। जल्द ही यह बैंक काम करना शुरू करेगी। इसके बाद सभी शाखाओं डाकघरों को भी इस बैंक से जोड़ा जाएगा।