
ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचला, मां-बेटे समेत 3 की मौत (फोटो सोर्स: Patrika File)
Lakhimpur Kheri Truck Accident: लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मौरंग से लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो महिलाओं और दो साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नीमगांव थाना क्षेत्र के ओदरहिया गांव निवासी अरविंद (24) सोमवार सुबह अपनी पत्नी मोहनी (24), बहन खुशबू देवी (20) और दो साल के बेटे अयांश के साथ बाइक से सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र स्थित मुड़ा गांव जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे कस्ता के पास लालनपुर तिराहे पर मितौली की ओर जा रहे मौरंग लदे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मोहनी, खुशबू और मासूम अयांश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अरविंद को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
मितौली इंस्पेक्टर दिलीप कुमार चौबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं, चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Updated on:
2 Nov 2026, 1:05 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 12:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.