
लखीमपुर-खीरी. कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सहनखेड़ा निवासी मृतक कासिम का शव कब्र से खुदवाकर पुलिस ने पीएम कराया था। पीएम के बाद पीड़ित मृतक के पिता मतीन खान ने प्रधान पति तथा उनके पुत्रों तथा गांव के एक अन्य युवक पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर प्रधान पति सहित चारों लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली इंस्पेक्टर अजय सिंह के अनुसार, ग्राम सहन खेड़ा में बीते तीन मार्च को ग्राम निवासी कासिम पुत्र मतीन खान का शव पेड़ से लटका मिला था। जिसके चलते परिजनों ने शव को दफना दिया था, लेकिन पीड़ित पक्ष ने अचानक डीएम को प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही लोगों पर हत्या करने की आशंका जताई थी।
इस बाबत डीएम के आदेश पर एसडीएम अखिलेश यादव तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी सविरत्न गौतम ने शव को खुदवाकर बीते 16 मार्च को पुलिस द्वारा पीएम को भेजा गया था। पीएम रिपोर्ट में हैंगिंग आने के बाद मृतक कासिम के पिता मतीन खान ने कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें लिखा है कि उसके बड़े भाई युसूफ खान गांव में 10 साल से प्रधान रह चुके हैं। बीते चुनाव में पीड़ित ने अपने भाई युसूफ खान के कहने पर पूर्व प्रधान अहमद खान को प्रधानी के चुनाव में मदद की थी।
चुनाव परिणाम आने के बाद ग्राम निवासी मौजूदा प्रधान पति अनवर खान चुनाव जीत गए थे। इसके बाद से ही ग्राम प्रधान पति अनवर खान ने चुनाव में पूर्व प्रधान अहमद खान कि मदद करने से नाराज होकर उसे देख लेने की धमकी दी थी। बीते दो मार्च को पीड़ित का पुत्र कासिम उर्फ उसेद शाम 6ः30 बजे एक फोन आने पर घर से चला गया था।
देर तक वापस न लौटने पर कासिम की तलाश शुरू की गई। बीते तीन मार्च को सुबह छह बजे उसके पुत्र की लाश गांव के दक्षिण में स्थित उसी के खेत में लगे पेड़ में रस्सी से लटकती मिली। पीड़ित ने उस समय शव को दफना दिया था। इसके बाद पीड़ित ने शक होने पर गांव के ही निवासी मौजूदा प्रधान पति अनवर खान तथा प्रधान के पुत्र अकरम खां, अच्छन खां तथा गांव के ही एक अन्य युवक वाहिद पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस क्षेत्राधिकारी को दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने तिकुनिया पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने का आदेश किया। सीओ के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने प्रधान अनवर खान तथा उनके पुत्र अकरम खां, अच्छन खां और गांव निवासी वाहिद पर हत्या के रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवेचना कोतवाली इंस्पेक्टर अजय सिंह को सौंपी गई है।
कोतवाली इंस्पेक्टर अजय सिंह ने बताया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी के आदेश पर प्रधान समेत चार लोगों पर हत्या का मुकदमा कायम किया गया है तथा जांच शुरू कर दी गई है। इस बाबत ग्राम पंचायत सहनखेड़ा निवासी प्रधान पति अनवर खान ने बताया कि उनके कोई रंजिश पीड़ित पक्ष से नहीं है न ही घटना से उनका कोई मतलब है।