ललितपुर

पूर्व कैबिनेट मंत्री ने भारत बंद पर किया बड़ा ऐलान, भाजपा सरकार पर किया जोरदार हमला

कल कांग्रेस के भारत बंद में व्यापारियों से मांगा समर्थन, पेट्रोल डीजल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस ने किया भारत बंद का आवाहन.

2 min read
Sep 09, 2018
Pradeep Jain

ललितपुर. पूर्व की कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने जनपद में भाजपा सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने राफेल डील, नोटबंदी, जीएसटी, बैंक घोटालों पर बीजेपी सरकार को जमकर घेरा और इन्हें सरकार के सबसे बड़े घोटाले बताए।

मोदी करते हैं महात्मा गांधी से तुलना-

उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति के नाम पर पूरे देश में हमारे प्रधानमंत्री मोदी अपना उदाहरण देते फिर रहे हैं और उनके भक्त उनकी तुलना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से करते हैं। मगर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के परिवेश में जमीन आसमान का फर्क है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एक अमीर घराने से पढ़ लिखकर बैरिस्टर बनकर थ्री पीस सूट में भारत लौटे थे और जब उन्होंने यहां पर लोगों का दुख दर्द देखा तो अपना थ्री पीस सूट उतार कर धोती लंगोटी में आम जनता के साथ आ गये। मगर हमारे प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा एक गरीब घराने की धोती लँगोटी से शुरू होकर आज भारत वासियों का शोषण कर थ्री पीस तक जा पहुंची। कहने का तात्पर्य यह है कि लोगों का दुख दर्द समझने के लिए लोगों में रहना जरूरी है। लेकिन यहां हाथी के दांत खाने के और तथा दिखाने के और होते हैं। इसी प्रकार हमारे प्रधानमंत्री को उनके वैभव पूर्ण परिवेश के आगे देश की 125 करोड़ जनता का दुख दर्द दिखाई नहीं देता।

डीजल-पेट्रोल मूल्य वृद्धि पर कहा-

डीजल-पेट्रोल और गैस के मूल्यों की आसमान छूती कीमतों पर उन्होंने कहा कि यह एक बहुत बड़ा घोटाला है। जिस तरह देश में डीजल-पेट्रोल और मूल्यों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। उससे आम आदमी का जीवन महंगाई की मार में दब गया है। जब इन्हीं चीजों में काफी वृद्धि होगी, तो महंगाई अपने आप बढ़ जाएगी। कांग्रेस हमेशा भारतवासियों के साथ रही है और आज भी है। वहीं बीजेपी है जो कभी डीजल-पेट्रोल के दामों में 1 रुपए की वृद्धि पर भी सड़कों पर अपना नाच करने लगती थी। मगर आज इस इसी सरकार का कोई भी उच्च स्तर का मंत्री या विधायक इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं।

सोमवार को होगा भारत बंद आंदोलन-

उन्होंने आगे कहा कि इन्हीं भारत वासियों की आम समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को भारत बंद का आवाहन किया है और हम अपने सभी व्यापार भाइयों एवं आम नागरिकों से इस भारत बंद में सहयोग चाहते हैं। हम एक सांकेतिक भारत बंद का आवाहन कर सरकार तक अपनी बात को पहुंचाना चाहते हैं। हमारी यहीं मांग है कि डीजल-पेट्रोल को जीएसटी के दायरे में लाकर उसकी कीमतों पर लगाम लगाई जाए।

SC/ST एक्ट पर न दिया कोई बयान-

एससी-एसटी एक्ट के संशोधन मामले पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और साथ ही हाल ही में मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह द्वारा एससी एसटी एक्ट पर जो बयान दिया था, उस सवाल को भी उन्होंने हंसकर टाल दिया।

Updated on:
09 Sept 2018 08:18 pm
Published on:
09 Sept 2018 03:17 pm
Also Read
View All