Lalitpur News: ललितपुर के थाना पाली के भौंता गांव में बीमारी से परेशान एक महिला ने 6 महीने के अपने बेटे को छोड़कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला की पहचान रीना पत्नी बृजभान राजपूत (28) के रूप में हुई है।
Lalitpur News: ललितपुर के एक गांव में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। जहां 28 वर्षीय रीना नामक महिला ने बवासीर की बीमारी से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रीना ने अपने पीछे 6 महीने का एक मासूम बेटा छोड़ा है। इस घटना ने पूरे गांव में शोक का माहौल बना दिया है।
बृजभान राजपूत ने बताया कि उनकी शादी रीना से 6 साल पहले हुई थी। उनका एक 6 महीने का बेटा भी है। बेटे का जन्म ऑपरेशन से हुआ था। इसके बाद रीना को बवासीर की बीमारी हो गई थी। 15 दिन पहले ही उसने फरीदाबाद जाकर बवासीर का ऑपरेशन कराया था।
ऑपरेशन के बाद 5 दिन पहले रीना की तबीयत बिगड़ गई थी। जिसके चलते वह दोबारा फरीदाबाद डॉक्टर के पास गए थे। जहां डॉक्टर ने बताया कि मास बढ़ गया है और अब यह बीमारी ठीक नहीं होगी।
पत्नी के इलाज के लिए बृजभान ने अपनी 3 एकड़ जमीन 48 हजार रुपये में ठेके पर दी थी।
शनिवार रात रीना ने पति के साथ खाना खाकर 10 बजे सो गई। रात 1 बजे जब बेटा रोने लगा तो बृजभान की नींद खुली। उन्होंने देखा कि रीना कमरे में नहीं है। जब उन्होंने सीढ़ियों पर देखा तो रीना का शव फंदे से लटका हुआ था।
पाली थाना प्रभारी अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि महिला ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।