नगर पालिका अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह का कार्ड भी भगवा रंग में नजर आ रहा है।
ललितपुर. उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनते ही भगवा रंग लोगों पर छाने लगा था और हाल ही के नगर निकाय चुनाव में भारी जीत के साथ भगवा रंग ने अपना परचम लहराया। जिले में हर तरफ केवल भगवा रंग ही नजर आता है और हाल ही में ललितपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी की रजनी घनश्याम दास साहू ने अपनी जीत का परचम लहराया और नगर पालिका को भगवा रंग में रंग दिया। भगवा रंग का जादू कुछ इस प्रकार चल रहा है कि नगर पालिका अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह का कार्ड भी भगवा रंग में नजर आ रहा है। शपथ ग्रहण समारोह का कार्ड भगवा रंग में छपवाया गया है। हालांकि इस शपथ ग्रहण समारोह का कार्ड नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अवनींद्र कुमार की तरफ से बांटे जा रहे हैं।
उप जिलाधिकारी दिलवाएंगे शपथ
नगर पालिका क्षेत्र और नगर पंचायत क्षेत्र में नवनिर्वाचित अध्यक्षों तथा पार्षदों को उसी क्षेत्र के संबंधित उप जिला अधिकारी शपथ ग्रहण करवाएंगे। ललितपुर नगर पालिका अध्यक्ष को सदर एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित, नगर पंचायत महरौनी में एसडीएम धीरेंद्र प्रताप सिंह, नगर पंचायत तालबेहट में एसडीएम हरिओम शर्मा एवं नगर पंचायत पाली में एसडीएम नरेंद्र सिंह सभी नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलवाएंगे।
नगर पंचायतों में भाजपा की उम्मीदों पर फिरा पानी
नगरीय निकाय चुनावों में जनपद ललितपुर में नगर पालिका अध्यक्ष भले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जीतकर आया हो, मगर नगर पंचायतों में भारतीय जनता पार्टी की हालत काफी खराब नजर आई। नगर पंचायतों के चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई। जनपद की तीनों नगर पंचायतों की सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कोई भी उम्मीदवार अपना परचम नहीं लहरा सका।
नहीं बदला नगर पालिका इमारत का रंग
ललितपुर नगर पालिका परिषद की इमारत का रंग पहले भी हल्का पीला कलर रथा और हाल ही में शपथ ग्रहण से पहले इस इमारत पर जो कलर कराया गया है वह भी हल्के पीले रंग का है। नगर पालिका को भगवा रंग में नहीं डाला गया। शपथ ग्रहण का कार्ड जरूर भगवा रंग में नजर आ रहा है। लोगों का कहना यह है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का रंग भगवा है तो शपथ ग्रहण का कार्ड भी भगवा रंग में होना चाहिए था। हालांकि, कुछ लोगों का मत यह भी है कि नगर पालिका की इमारत का कलर भी भगवा रंग में होना चाहिए था।