ललितपुर

जेल में निरुद्ध कैदी को दी गई जहरीली चाय, होश आने पर किए कई बड़े खुलासे

गम्भीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती, तीन खूंखार बन्दियों पर है सुपारी लेकर जहर देने का आरोप.

2 min read
Jul 18, 2018
Yogi prisoners

ललितपुर. अभी हाल ही में बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या का मामला ठंडा भी नहीं हो पाया था कि जनपद की जिला कारागार में एक और कैदी ने चाय में जहर देकर हत्या करने का आरोप अपने बंदी साथियों पर लगाया है। जिला कारागार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक कैदी उल्टियां करता हुआ बैरक से बाहर आ गिरा। उसे उठाकर देखा गया तो वह बेहोशी की हालत में था। जिसके बाद तत्काल जेल प्रशासन द्वारा डॉक्टरों को बुलाया गया। उसकी हालत गंभीर होने पर तत्काल उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

डॉक्टरों के अनुसार कैदी की हालत स्थिर बनी हुई है और अगर हालत गंभीर होती है तो झांसी मेडिकल कॉलेज भी रेफर किया जा सकता है। मध्य प्रदेश के जनपद ग्वालियर निवासी योगी उर्फ चंद्रभान पुत्र इंद्रपाल अपने इलाके का एक बहुत बड़ा अपराधी बताया जा रहा है, जिसके ऊपर कई मामले उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश में लंबित हैं और एक आर्म्स एक्ट का मामला समीवर्ती जनपद टीकमगढ़ में चल रहा था, जिसमें उसे सजा हो गई थी और वह जमानत पर छूटा था। एक आगजनी के मामले में वह काफी दिन झांसी की जिला कारागार में रहा और उसके बाद उसे ललितपुर जिला कारागार में लगभग 10 माह पहले भेजा गया था। जेल में निरुद्ध बंदी योगी पिछले लगभग 6 दिनों से भूख हड़ताल पर चल रहा था।

योगी ने किए हैरान करने वाले खुलासे-

जिला अस्पताल में कैदी योगी जब होश में आया तो उसने मीडिया को बयान दिया कि जेल में तीन खूंखार बंदी रमेश लोधी बबलू यादव और चंद्रभान ठाकुर निवासी नत्थी खेड़ा थाना पुराकलां अपने लगभग 25 साथियों के साथ जेल में बंद हैं। जेल में वह काफी आतंक फैला रहे हैं और कैदियों से रंगदारी वसूलने का काम करते हैं और जो रंगदारी नहीं देता उसके साथ मारपीट करते हैं। इन्हीं तीन लोगों ने मिलकर मुझे जान से मारने के उद्देश्य से चाय में जहर मिलाकर दे दिया। झांसी के सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम लोहारी में कोमल सिंह और अनिल कुमार से हमारी दुश्मनी चल रही है। उन्हीं लोगों ने इन लोगों को हमें मारने की सुपारी दी थी। जिस समय यह घटना हुई वह पेशी पर जा रहा था।

Published on:
18 Jul 2018 04:56 pm
Also Read
View All