ललितपुर

बुंदेलखंड क्षेत्र को योगी सरकार की बड़ी सौगात, ललितपुर में बनेगा एयरपोर्ट, दोनों राज्यों को मिलेगा फायदा

योगी सरकार ने बुंदेलखंड की भूमि को बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार ने ललितपुर एयरपोर्ट (Lalitpur Airport) के निर्माण के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी है
2 min read
• •
Updated: 15 Jan 2021, 9:37 AM IST
बुंदेलखंड क्षेत्र को योगी सरकार की बड़ी सौगात, ललितपुर में बनेगा एयरपोर्ट, दोनों राज्यों को मिलेगा फायदा
बुंदेलखंड क्षेत्र को योगी सरकार की बड़ी सौगात, ललितपुर में बनेगा एयरपोर्ट, दोनों राज्यों को मिलेगा फायदा

ललितपुर. योगी सरकार ने बुंदेलखंड की भूमि को बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार ने ललितपुर एयरपोर्ट (Lalitpur Airport) के निर्माण के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने ललितपुर स्थित एयरपोर्ट को प्रथम चरण में 72 सीटर विमानों की उड़ान के लिये मंजूरी दी है। बता दें कि ललितपुर स्थित हवाई पट्टी का निर्माण द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान किया गया था, लेकिन तब इसका इस्तेमाल कभी नहीं हुआ। वर्तमान में यह हवाई पट्टी सूनी व अक्रियाशील स्थिति में है। ललितपुर की हवाई पट्टी क्षेत्र को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने से बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास को बड़ा फायदा मिलेगा।

दोनों राज्यों को मिलेगा फायदा

ललितपुर जिला यूपी और एमपी के बॉर्डर पर है। ऐसे में ललितपुर में एयरपोर्ट के निर्माण से दोनों राज्यों को इसका लाभ मिलेगा और बुंदेलखंड जैसे आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े क्षेत्र का विकास तेज हो सकेगा। बुंदेलखंड व विन्ध्य क्षेत्र में झांसी, चित्रकूट व सोनभद्र में पूर्व से ही एअरपोर्ट के विकास का कार्य प्रगति पर है। ललितपुर में प्रदेश सरकार द्वारा बल्क ड्रग पार्क की स्थापना का भी प्रयास कर रही है। इस प्रकार बुंदेलखंड क्षेत्र में डिफेन्स कॉरीडोर का निर्माण भी तीव्र गति से हो रहा है।

दुनिया का पांचवा सबसे बड़ा एयरपोर्ट

इससे पहले योगी सरकार ने प्रयागराज, कानपुर व हिंडन एयरपोर्ट का संचालन शुरू किया। तीनों एयरपोर्ट का संचालन प्रथम तीन वर्षों में शुरू किया गया। नोएडा में भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित 14 हवाई अड्डों का विकास कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें से बरेली, कुशीनगर पूर्ण रूप से तैयार हैं। इसके साथ ही अलीगढ, आजमगढ़, मेरठ, मुरादाबाद व चित्रकूट अगले दो माह में पूर्ण रूप से तैयार हो जायेंगे। बता दें कि जेवर एयरपोर्ट दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। ग्रेटर नोएडा के जेवर में करीब 5000 हेक्टेयर में प्रस्तावित इस एयरपोर्ट पर तेजी से काम चल रहा है। प्रस्ताव के अनुसार 2022-23 में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट्स का संचालन भी शुरू हो जाएगा।

Published on: