
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक से करीब 13000 करोड़ का घोटाला करने के बाद आरोपी नीरव मोदी ने अब भगोड़े विजय माल्या की राह पकड़ ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब नीरव मोदी यूके भाग चुका है और वहीं राजनितिक शरण चाहता है। ब्रिटेन की सरकार ने खुद हीरा कारोबारी नीरव मोदी के यूके में होने की पुष्टि की है। इसपर भारत सरकार ने ब्रिटेन सरकार को कहा है कि यूके को अन्य देशों के वांछित अपराधियों के लिए एक सुरक्षित आश्रय के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
रिजिजू ने उठाया मुद्दा
देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित एक बैठक के दौरान गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने ब्रिटेन के काउंटरिंग एक्स्ट्रीमिज्म एंड इक्वालिटी मिनिस्टर बैरोनेस विलियम्स को यह बात स्पष्ट संदेश के जरिए दी है। कुछ भगौड़ों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए जैसे कि हीरा कारोबारी नीरव मोदी एवं शराब कारोबारी विजय माल्या जिन पर फ्रॉड और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप हैं, रिजिजू ने कहा कि ब्रिटेन को विभिन्न अपराधों के लिए दूसरे देश के कानून द्वारा लोगों के लिए एक सुरक्षित आश्रय के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह बात गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कही गई है।
लंदन में है नीरव मोदी
यूके फॉरेन ऑफिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि पहले से ही कई जटिल मामले सामने हैं और दोनों देशों के रिश्तों में इन्हें लेकर कुछ तनाव भी आया। लेकिन दोनों देशों की तरफ से इस बात सहमति है कि हम कानूनी प्रक्रिया के तहत इन मामलों पर आगे बढ़ेंगे। साथ ही हम मानव अधिकार कानून का भी पालन करतके हैं। हालांकि ब्रिटेन स्थित भारतीय उच्चायुक्त ने किसी भी मामले में कोई जानकारी नहीं दी है। मनी लॉन्ड्रिंग कानून की विभिन्न धाराओं के तहत करीब 12 हजार पन्नों की चार्जशीट फाइल की गई है। चार्जशीट 25 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर कर चुकी है। इसमें नीरव मोदी, मेहुल चौकसी, पीएनबी की पूर्व प्रमुख उषा अनंतसुब्रह्मणियन, पीएनबी के दो डायरेक्टर और नीरव की तीन कंपनियां शामिल हैं।