
नर्इ दिल्ली। 226 साल के इतिहास में कोई महिला न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज का नेतृत्व करने जा रही हैं। इस महिला का नाम स्टेसी कनिंगहैम हैं। जो कभी न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज के ट्रेडिंग फ्लोर पर फ्लोर क्लर्क रह चुकी हैं। स्टेसी कनिंगहैम अब बिग बोर्ड की 67वीं अध्यक्ष बनेंगी। मौजूदा समय में कनिंगहैम स्टेसी एनवाईएसर्इ ग्रुप की चीफ ऑपरेटिंग अाॅफिसर हैं। उन्हें शुक्रवार को अध्यक्ष बनाया गया। ऐतिहासिक रूप से न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज पर पुरुषों का राज रहा है। एनएसवाईए के मौजूदा अध्यक्ष थॉमस फारले अमेरिका के लोकप्रिय स्टॉक एक्सचेंज का कामकाज 2013 से संभाल रहे थे।
कर्इ पदों पर काम कर चुकी हैं स्टेसी
कनिंगहैम ने अपना करियर जेजीसी से शुरू किया। इसके बाद वह बैंक ऑफ अमेरिका सिक्योरिटीज का हिस्सा बनीं और एनवाईएसई में विभिन्न भूमिकाएं संभालने से पहले नैस्डेक में भी वरिष्ठ पद पर रहीं। पिछले साल एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था कि उनको पहला प्यार समर इंटर्नशिप के दौरान ट्रेडिंग फ्लोर से ही हुआ था। उस समय वह यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं। उन्हें पूरा भरोसा था कि वो एक ना एक दिन इस मुकाम पर जरूर पहुंचेंगी।
खाना बनाने के शौक ने कराया रेस्तरां में काम
कनिंग हैम को शेयर डीलिंग के अलावा खाने पकाने का भी जुनून है। उन्होंने अपने करियर के बीच 6 महीने का कुकिंग कोर्स भी किया था। उन्होंने न्यूयॉर्क रेस्तरां में भी काम किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी काम में माहौल लगभग समान होता है। काम के दौरान तनाव में आप अपने साथियों से उलझते हैं। कर्इ बार आपका झगड़ा भी हो जाता है, लेकिन कोई भी काम के दौरान होने वाले तनाव को व्यक्तिगत नहीं लेता। कई बार गर्मा-गर्मी के माहौल में शेयर की ट्रेडिंग के दौरान झगड़ा हो जाता है, पर तनाव भरे दिन के अंत में सब दोस्त बन जाते हैं और एक साथ बियर पीने जाते हैं।