इस बार रिलायंस अपने सभी ग्राहकों के लिए कुछ न कुछ लेकर आई है।
नई दिल्ली। दूरसंचार क्षेत्र की दिग्गज कंपनी रिलायंस जियो एक बार फिर ग्राहकों के लिए ऑफरों की बरसात लेकर आई है। कंपनी ने अपने इस ऑफर को मानसूह हंगामा ऑफर नाम दिया है। इस बार रिलायंस अपने सभी ग्राहकों के लिए कुछ न कुछ लेकर आई है। साथ ही कंपनी नए ग्राहक जोड़ने के लिए जियोफोन-2 को लेकर एक खास ऑफर आई है। ज्यादा से ज्यादा ग्राहक जोड़ने के लिए कंपनी ने जियोफोन-2 को असली कीमत के साथ एक्सचेंज ऑफर के तहत मात्र 501 रुपए में देने की पेशकश की है। हालांकि, इस ऑफर का फायदा जियोफोन के मौजूदा ग्राहक ले सकते हैं।
पुराने ग्राहकों को भी मिलेंगे नए ऑफर के फायदे
कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार मॉनसून हंगामा ऑफर शुक्रवार से लॉन्च हो रहा है। 20 जुलाई को शाम पांच से इस ऑफर की शुरूआत होगी। इस ऑफर के तहत ग्राहक 501 रुपए में किसी भी कंपनी के किसी भी मॉडल का पुराना फीचर फोन, जियोफोन के मौजूदा मॉडल से बदल सकते हैं। यह नया जियोफोन 4जी वोल्टी तकनीक पर चलता है। यह फेसबुक, वॉट्सऐप और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया ऐप्स को सपोर्ट करेगा। किसी भी फीचर फोन में इस तरह के ऐप्स पहली बार उपलब्ध होंगे। गूगल मैप्स भी जियोफोन में चलेगा। यह सभी ऐप्स 15 अगस्त से उपलब्ध होंगे। जियोफोन के पुराने ग्राहकों को भी इन ऐप्स का फायदा मिलेगा। जियोफोन वॉयस कमांड को भी सपोर्ट करता है।
मुकेश अंबानी ने एजीएम बैठक में की थी घोषणा
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने कंपनी की वार्षिक आम बैठक में इस ऑफर की घोषणा करते हुए कहा था कि 2.5 करोड़ भारतीय जियो फोन का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि 50 करोड़ से अधिक फीचर फोन उपभोक्ता इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं कर पाते। उनके लिए इंटरनेट के दरवाजे बंद थे, इसीलिए हम जियोफोन लेकर आए थे। अब हमने उसकी शुरूआती कीमत 501 रुपए कर दी है ताकि अधिक से अधिक भारतीय डिजिटल इंडिया का हिस्सा बन सकें।