टेक्नोलॉजी

आज से बुक कर सकेंगे iPhone 18 Pro और Pro Max, 18 सितंबर से मिलेगी डिलीवरी; जानें कीमत और ऑफर

भारत में एप्पल आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की प्री-बुकिंग आज शाम 5:30 बजे से शुरू हो रही है। 18 सितंबर से मिलने वाले इन दोनों फोन्स की कीमतें, बैंक ऑफर्स, नए रंग और बुकिंग का पूरा तरीका यहां जानें।
2 min read
Sep 12, 2026
News regarding price, booking and delivery of iPhone 18 Pro, Pro Max
iPhone 18 Pro (Photo: Apple)

iPhone 18 Pro and Pro Max Booking Date:एप्पल के नए आईफोन खरीदने का इंतजार कर रहे ग्राहकों के लिए आज बड़ा दिन है। कंपनी के iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के प्री-ऑर्डर भारत में आज यानी 12 सितंबर से शुरू होंगे। ग्राहक शाम 5:30 बजे से दोनों फोन की बुकिंग कर सकेंगे। दोनों मॉडल की बिक्री और उपलब्धता 18 सितंबर से शुरू होगी।

एप्पल ने इन दोनों फोन को इसी हफ्ते लॉन्च किया है। कंपनी ने इनके साथ अपना पहला फोल्डेबल आईफोन iPhone Duo भी पेश किया था। हालांकि, उसकी बुकिंग अभी शुरू नहीं होगी। उसके लिए ग्राहकों को अक्टूबर तक इंतजार करना होगा।

1,64,900 रुपये से शुरू होगी कीमत

भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये है। यह कीमत 256GB स्टोरेज वाले मॉडल की है। अन्य वेरिएंट्स की कीमत के लिए नीचे दी गई टेबल देखें।

स्टोरेजकीमत
256GB1,64,900 रुपये
512GB1,89,900 रुपये
1TB2,39,900 रुपये
2TB3,14,900 रुपये

iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये है। अन्य वेरिएंट्स की कीमत के लिए नीचे दी गई टेबल देखें।

स्टोरेजकीमत
256GB1,79,900 रुपये
512GB2,04,900 रुपये
1TB2,54,900 रुपये
2TB3,29,900 रुपये

चार रंगों में मिलेंगे दोनों फोन

iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को चार रंगों में खरीदा जा सकेगा। इनमें ब्लैक, सिल्वर, ग्लेशियर और नया बरगंडी रंग शामिल है। ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से स्टोरेज और रंग चुनकर प्री-ऑर्डर कर सकेंगे।

बैंक कार्ड पर मिलेगा कैशबैक

प्री-ऑर्डर के दौरान ग्राहकों को बैंक ऑफर का फायदा भी मिलेगा। अमेरिकन एक्सप्रेस, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के कार्ड से खरीदारी करने पर इंस्टेंट कैशबैक मिलेगा।

इसके अलावा दोनों फोन पर नो-कॉस्ट ईएमआई का विकल्प भी दिया जा रहा है। iPhone 18 Pro के लिए छह महीने की ईएमआई 26,316 रुपये प्रति महीने से शुरू होगी। वहीं iPhone 18 Pro Max की छह महीने की ईएमआई 28,817 रुपये प्रति महीने से शुरू होगी। इन ईएमआई में इंस्टेंट कैशबैक भी शामिल है।

पुराने आईफोन पर मिलेगा एक्सचेंज बेनिफिट

अगर यूजर्स के पास पुराना आईफोन है तो वह उसे एक्सचेंज भी कर सकता है। iPhone 13 या उसके बाद के मॉडल पर एक्सचेंज बोनस 21,000 रुपये से 81,500 रुपये तक मिल सकता है। वैल्यू पुराने फोन की स्थिति, मॉडल और कंडीशन पर निर्भर करेगी।

कहां से कर सकते हैं प्री-ऑर्डर?

ग्राहक iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max का प्री-ऑर्डर एप्पल की वेबसाइट और एप्पल स्टोर ऐप से कर सकेंगे। इसके अलावा प्रमुख ऑनलाइन और ऑफलाइन विक्रेताओं के जरिए भी बुकिंग की जा सकेगी। इनमें अमेजन, फ्लिपकार्ट, लोटस इलेक्ट्रॉनिक्स और विजय सेल्स समेत एप्पल के अधिकृत विक्रेता शामिल हैं। ग्राहक एप्पल स्टोर और अन्य अधिकृत दुकानों पर जाकर भी उपलब्धता की जानकारी ले सकते हैं।

ऐसे कर सकेंगे प्री-ऑर्डर

प्री-ऑर्डर के लिए ग्राहक को पहले अपना मॉडल, रंग और स्टोरेज विकल्प चुनना होगा। इसके बाद भुगतान का तरीका, कैशबैक, ईएमआई या एक्सचेंज विकल्प चुना जा सकता है। जरूरी जानकारी और डिलीवरी पता दर्ज करने के बाद ऑर्डर पूरा किया जा सकेगा।
प्री-ऑर्डर शाम 5:30 बजे शुरू होगा। इसलिए किसी खास रंग या स्टोरेज मॉडल को खरीदने वाले ग्राहक पहले से तैयार रह सकते हैं।

iPhone Duo के लिए अक्टूबर तक इंतजार

एप्पल का पहला फोल्डेबल आईफोन iPhone Duo आज के प्री-ऑर्डर में शामिल नहीं होगा। भारत में इसकी बुकिंग 16 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे शुरू होगी। इसकी बिक्री 23 अक्टूबर से शुरू होगी। भारत में इसकी शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये रखी गई है।

Updated on:
12 Sept 2026 11:52 am
Published on:
12 Sept 2026 11:40 am