Abhishek Bachchan Birthday: आखिर किस तीखे नाश्ते के दीवाने हैं जूनियर बी? ठाणे की वो कौन सी मशहूर दुकान है जिसकी मिसल खाकर होती है उनके दिन की शुरुआत, और कहां का वड़ा पाव है उनका ऑल-टाइम फेवरेट।
Abhishek Bachchan Birthday: बच्चन खानदान के 'जूनियर बी' यानी अभिषेक बच्चन 5 फरवरी को अपना 50वां जन्मदिन मनाने वाले हैं। अभिषेक बच्चन न सिर्फ अपनी एक्टिंग, बल्कि अपनी सादगी और देसी खान-पान के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया है कि वे मुंबई की सड़कों के तीखे और चटपटे स्वाद के बड़े दीवाने हैं। ठाणे की फेमस मामलेदार मिसल हो या शिवाजी पार्क का वड़ा पाव, अभिषेक का दिल तो पूरी तरह महाराष्ट्रियन स्ट्रीट फूड पर अटका है। आइए जानते हैं उनकी पसंदीदा जगहों और डिशेज के बारे में।
अभिषेक बच्चन ने एक फूड ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म (यम यम किचन) से बातचीत में बताया कि वह मिसल फ्राई के बहुत बड़े दिवाने हैं। अभिषेक ने खुलासा किया कि उनके लिए दुनिया की सबसे बेहतरीन मिसल ठाणे से आती है। उन्होंने ठाणे के मशहूर मामलेदार मिसल का जिक्र करते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान वह लगभग हर सुबह इसे खाना पसंद करते हैं।
मुंबई की जान कहे जाने वाले वड़ा पाव को लेकर भी अभिषेक की पसंद काफी साफ है। उन्होंने बताया कि अगर आपको असली वड़ा पाव का स्वाद लेना है, तो दादर का शिवाजी पार्क सबसे बेहतरीन जगह है। इसके अलावा, विले पार्ले में मिठीबाई कॉलेज के सामने मिलने वाला वड़ा पाव भी उनकी पसंदीदा लिस्ट में शामिल है।
स्ट्रीट फूड के अलावा अभिषेक बच्चन ने अपने ब्रेकफास्ट रूटीन के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि सुबह-सुबह गर्मागर्म पाव के साथ अंडा भुर्जी फ्राई उनके लिए एक मस्ट-हैव (जरूरी) डिश है। यह कॉम्बिनेशन उन्हें एनर्जी देता है और शूटिंग के बिजी शेड्यूल के बीच उनका फेवरेट मील है।