
Shivangi Singh Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों बिहार में ही नहीं, देशभर में चर्चा में है। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी की तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिवांगी की शादी पटना के रहने वाले ऋषिकेश कुमार से हो रही है। तिलक की गाड़ी से लेकर घुड़दौड़ के इनाम और हेलीपैड तक, इस शादी से जुड़ी तैयारियां चर्चा में छाई हुई हैं। आइए जानते हैं कि इस शादी में क्या-क्या खास होने वाला है।
शादी से पहले अनंत सिंह के पटना वाले घर पर दो नई गाड़ियां पहुंची हैं, एक सफेद लैंड रोवर डिफेंडर और दूसरी बीएमडब्ल्यू। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डिफेंडर होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को तिलक में गिफ्ट की जाएगी। आज, 20 नवंबर को अनंत सिंह तिलक चढ़ाएंगे।
जयमाल के लिए खास स्टेज बनाया जा रहा है, जो करीब 100 फीट लंबा और 35 फीट ऊंचा हो सकता है। इसे पक्का बनाने की वजह ये है कि भीड़ के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। ऊंचाई इसलिए रखी गई है ताकि दूर खड़े लोग भी जयमाल की रस्म आराम से देख सकें। सजावट के लिए चाइना और बेंगलुरु से खास फूल मंगाए गए हैं। इन फूलों से जयमाल स्टेज के साथ मंडप और लदमा के तालाब को भी सजाने की तैयारी है।
25 नवंबर को होने जा रही शादी के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसे ताजमहल जैसा भव्य रूप देने की कोशिश हो रही है।
शादी वाले दिन, यानी 25 नवंबर को दोपहर में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी होगी। इसके लिए करीब 10 से 12 बीघा जमीन पर ट्रैक तैयार किया जा रहा है। देखने आने वालों के बैठने के लिए अलग-अलग स्टेज भी बनाए जा रहे हैं। अनंत सिंह ने बताया है कि पहला इनाम महिंद्रा थार होगी, दूसरे नंबर पर आने वाले को बाइक और तीसरे नंबर वाले को स्कूटर मिलेगा।
शादी में कई वीआईपी मेहमानों के आने की चर्चा है, जिनमें से कुछ हेलीकॉप्टर से पहुंच सकते हैं। इसी को देखते हुए घुड़दौड़ मैदान के पास हेलीपैड बनाने की तैयारी चल रही है।
अनंत सिंह के अनुसार, बिहार और देश के दूसरे हिस्सों के साथ-साथ पाकिस्तान और कुछ और देशों के मेहमानों को भी निमंत्रण भेजा गया है। वहीं, खाने में तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां बनाने की तैयारी चलने के साथ ही गांव में टेंट व सजावट का काम जारी है।
शादी में शामिल होने वाले मेहमानों की संख्या हजारों में बताई जा रही है। खाने में 150 से ज्यादा तरह के व्यंजन रखे जाएंगे, जिनमें काजू कतली और सिलाव खाजा जैसी मिठाइयां भी शामिल हैं।