
Chewing Gum Side Effects: मुंह की बदबू दूर करनी हो, मीटिंग से पहले फ्रेश महसूस करना हो, या सफर में बस यूं ही कुछ चबाने का मन हो, तो कुछ लोग च्युइंग गम चबा लेते हैं। कई लोग इसे फेस फैट कम करने की उम्मीद में भी चबाते हैं, तो कुछ इसे दांतों के लिए अच्छा मानकर चबाते हैं। ऐसे में अगर आपको भी च्युइंग गम चबाने की आदत है, तो पहले इसके फायदे और नुकसान दोनों के बारे में जान लेना चाहिए। आइए जानते हैं कि च्युइंग गम चबाने से क्या फायदे हो सकते हैं और किन लोगों को इससे सावधानी रखनी चाहिए।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, च्युइंग गम चबाने से सबसे बड़ा फायदा लार यानी मुंह की सलाइवा का बनना है। दरअसल, च्युइंग गम चबाने से मुंह में लार ज्यादा बनती है, और ये लार दांतों के एसिड को बैलेंस करने, इनेमल को सपोर्ट देने, मुंह का सूखापन कम करने और खाने के कण निकालने में मदद कर सकती है। लेकिन ध्यान दें, च्युइंग गम ब्रश और फ्लॉस का विकल्प नहीं है। दांतों को साफ रखने के लिए रोजाना दो बार ब्रश करना चाहिए।
च्युइंग गम चबाने से कुछ फायदे हो सकते हैं, लेकिन क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार गलत तरीके से या लंबे समय तक गम चबाने से जबड़े के जोड़ (TMJ) और मांसपेशियों पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है। इससे जबड़े में दर्द, आवाज आना (क्लिक या पॉप), सिर दर्द और कान के पास दर्द हो सकता है। इसके अलावा दांतों पर जोर पड़ना, पेट में गैस और फूलना, शुगर-फ्री गम से पेट की दिक्कत और चीनी वाले गम से दांतों को नुकसान जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं।
Cleveland Clinic के अनुसार, शुगर-फ्री गम में अक्सर जाइलिटोल जैसे स्वीटनर होते हैं, जिन्हें मुंह के बैक्टीरिया आसानी से एसिड में नहीं बदल पाते। इसलिए शुगर-फ्री गम चुनें। इसके अलावा गम को खाने के बाद सिर्फ 10 से 15 मिनट तक चबाना बेहतर रहता है, क्योंकि इससे लार बनती है और मुंह की सफाई में मदद मिल सकती है। खरीदते समय ऐसे प्रोडक्ट को प्राथमिकता दें जिस पर डेंटल संस्था की मंजूरी का निशान हो। साथ ही गम को निगलें नहीं, उसे थूककर कचरे में फेंकें।
अगर गम चबाने के बाद जबड़े में दर्द, अकड़न या सूजन, जबड़ा खोलते-बंद करते समय आवाज आना या जबड़े के अटक जाने जैसा महसूस होना, बार-बार सिर दर्द या कान में दर्द, दांत में तेज दर्द, झनझनाहट या दांत टूटना, पेट में तेज मरोड़, दस्त या सूजन, और लाली, खुजली या सांस में दिक्कत जैसी एलर्जी के लक्षण दिखे तो गम चबाना बंद कर के डेंटिस्ट या डॉक्टर को दिखाएं।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। च्युइंग गम या दांतों और जबड़े से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डेंटिस्ट या डॉक्टर से संपर्क करें।