16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Teeth Grinding Problem: रात में दांत पीसने की आदत से हैं परेशान? जानिए, कैसे कर सकते हैं बचाव

Teeth Grinding Problem: सोते समय अनजाने में दांत पीसने की आदत आपके दांतों और जबड़े को नुकसान पहुंचा सकती है। आइए जानते हैं इसके पीछे की वजहें और इस परेशानी से बचने के लिए क्या करना चाहिए और किन से बचना चाहिए।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Priyambada yadav

•

Updated: 16 Nov 2026, 2:27 PM IST

Teeth Grinding

Teeth Grinding क्यों होता है?(Representative Image) Image Credit Magnific

Bruxism: रात में सोने के बाद कुछ लोगों को सुबह उठते ही जबड़े में खिंचाव, सिर में हल्का दर्द या दांतों में अजीब सी सेंसिटिविटी महसूस होती है। इसके साथ ही सोते समय दांत भी पीसते हैं। यह दांतों से जुड़ी एक परेशानी की वजह से हो सकता है। लेकिन इस परेशानी की सबसे बड़ी वजह यह है कि इसमें इंसान को खुद पता नहीं चलता। आइए जानते हैं कि दांत पीसना क्या है, ये क्यों होता है और इससे बचने के लिए क्या किया जा सकता है।

ब्रक्सिज्म क्या होता है?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, ब्रक्सिज्म का मतलब होता है अनजाने में दांतों को आपस में जोर से भींचना या पीसना। ये दिन में भी हो सकता है और रात में नींद के दौरान भी। रात वाला ब्रक्सिज्म ज्यादा परेशान करता है, क्योंकि उस वक्त पता नहीं चलता कि दांत पीसते समय जबड़े पर कितना जोर डाल रहे हैं। ये एक आम परेशानी है, जो बड़ों के साथ-साथ बच्चों में भी देखी जाती है। ये एक तरह का रिफ्लेक्स है, जो दिमाग और नर्वस सिस्टम से जुड़ा होता है।

दांत पीसने के लक्षण क्या हैं?

ब्रक्सिज्म के इन लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए-

  • सुबह उठने पर जबड़े में दर्द, अकड़न या थकान
  • सिर में दर्द, खासकर सुबह के वक्त या कान के आसपास
  • दांतों का घिसना, चटकना या टूटना
  • ठंडा या गर्म खाने पर दांतों में झनझनाहट
  • कान के आसपास दर्द
  • जबड़ा खोलते या बंद करते समय आवाज आना
  • रात में दांत पीसने की आवाज, जो किसी और को सुनाई दे

दांत क्यों पीसते हैं लोग?

दांत पीसने की कोई एक वजह नहीं होती। स्ट्रेस और एंग्जायटी, कैफीन, शराब और स्मोकिंग, और नींद से जुड़ी दिक्कतें जैसी कई वजहें हो सकती हैं। इसके अलावा कुछ दवाइयों के साइड इफेक्ट के तौर पर भी ये दिक्कत हो सकती है।

दांत पीसने से क्या नुकसान हो सकते हैं?

अगर इसे लंबे समय तक नजरअंदाज किया जाए, तो ये परेशानियां हो सकती हैं-

  • दांत घिसना, चटकना या टूटना
  • जबड़े और चेहरे में लगातार दर्द
  • सिर दर्द और कान का दर्द
  • जबड़े के जोड़ से जुड़ी दिक्कतें
  • नींद पूरी न होना, जिससे दिन भर थकान रहे

दांत पीसने से राहत पाने के लिए क्या करना चाहिए?

दांत पीसने से राहत पाने के लिए बेहतर यही है कि कुछ भी खुद से करने से पहले डेंटिस्ट को दिखा लें। जांच के बाद वे आपकी स्थिति के हिसाब से सही तरीका बताएंगे। आमतौर पर इन बातों से मदद मिलती है-

डेंटिस्ट से नाइट गार्ड बनवाएं

अगर आप अक्सर दांत पीसते हैं, तो डेंटिस्ट आपको नाइट गार्ड (माउथगार्ड) लगाने की सलाह दे सकते हैं। ये दांतों के बीच एक सुरक्षा परत का काम करता है, जिससे दांत घिसने और टूटने से बचते हैं और जबड़े की मांसपेशियों पर जोर भी कम पड़ता है।

स्ट्रेस कम करने पर ध्यान दें

स्ट्रेस इसकी सबसे बड़ी वजहों में से एक माना जाता है। दिन में थोड़ा भी तनाव कम होता है, तो रात में जबड़े पर पड़ने वाला जोर कम हो सकता है।

कैफीन, शराब और स्मोकिंग कम करें

चाय-कॉफी की ज्यादा आदत, शराब और स्मोकिंग से नर्वस सिस्टम पर असर पड़ता है। खासकर शाम के बाद कैफीन कम लें, और कोशिश करें शराब और स्मोकिंग न करें।

रिलैक्स करें

रात की अच्छी रूटीन से दिमाग को शांत होने में मदद मिलती है। इसलिए सोने से करीब एक घंटा पहले मोबाइल और टीवी की स्क्रीन से दूरी बनाएं, हल्का म्यूजिक सुनें, गुनगुने पानी से नहाएं या जबड़े पर गुनगुने पानी की सिकाई करें, और रात को बहुत भारी खाना या चाय-कॉफी से बचें।

सोने का तरीका सही करें

पेट के बल सोने से जबड़ा और गर्दन ऊपर से दबाव में आ सकते हैं। पीठ के बल या करवट लेकर सोना बेहतर रहता है। सोते समय हाथ या मुट्ठी पर सिर टिकाने की आदत भी जबड़े पर जोर डालती है, इसलिए इससे बचें। गर्दन और सिर को सही सपोर्ट देने वाला तकिया इस्तेमाल करें।

डेंटिस्ट के पास कब जाना चाहिए?

  • रोज जबड़े में दर्द या अकड़न
  • बार-बार सिर दर्द, खासकर सुबह के समय
  • दांतों का चटकना, टूटना या बहुत ज्यादा घिस जाना
  • जबड़ा खोलने-बंद करने में दिक्कत, या जबड़े के अटक जाने जैसा महसूस होना
  • कान में दर्द, या ठंडा-गर्म लगने पर दांतों में तेज झनझनाहट
  • तेज खर्राटे, नींद में सांस रुकने जैसा महसूस होना और दिन में बहुत ज्यादा नींद आना जैसे लक्षणों में से कुछ भी दिखे, तो डेंटिस्ट को दिखाएं।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। दांत पीसने या जबड़े से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डेंटिस्ट या डॉक्टर से संपर्क करें।