लाइफस्टाइल

शादी या पार्टी में जाने से पहले क्लीनअप करवाएं या फेशियल, दोनों को लेकर हो जाती हैं कंफ्यूज? जानें क्या है अंतर

Cleanup and Facial Difference: शादी या पार्टी से पहले चेहरे पर निखार लाने के लिए पार्लर में क्लीनअप या फेशियल में से क्या करवाना सही रहता है? आइए जानते हैं दोनों में क्या बेहतर है और अपनी स्किन के हिसाब से सही विकल्प कैसे चुनें।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 9:24 PM IST
Cleanup vs Facial
Cleanup या Facial, क्या करवाना चाहिए? (Representative Image) Image Credit Magnific

Cleanup vs Facial: शादी या पार्टी में जाने से पहले ग्लोइंग स्किन के लिए कुछ लोग फेशियल या क्लीनअप करवाना पसंद करते हैं। लेकिन ऐसे में दोनों को लेकर कंफ्यूज रहते हैं कि कब किसे करवाना चाहिए। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो आइए जानते हैं क्लीनअप और फेशियल में क्या अंतर होता है, कब क्या करवाना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

क्लीनअप क्या होता है?

क्लीनअप स्किन की ऊपरी सफाई का एक छोटा ट्रीटमेंट है। इसमें आम तौर पर क्लींजिंग, स्क्रब, स्टीम और कई बार ब्लैकहेड्स-व्हाइटहेड्स हटाने का काम होता है। इसके बाद फेस पैक लगाया जाता है। इसका फोकस चेहरे से जमा गंदगी, एक्स्ट्रा ऑयल और डेड स्किन हटाना है, ताकि चेहरा साफ और फ्रेश दिखे। यह आम तौर पर 30 से 45 मिनट में हो जाता है, लेकिन कभी-कभी थोड़ा ज्यादा समय भी लग सकता है।

फेशियल क्या होता है?

फेशियल में सफाई के साथ स्किन को पोषण देने पर भी ध्यान दिया जाता है। इसमें क्लींजिंग, स्क्रब, स्टीम, मसाज, मास्क और आखिर में सीरम या मॉइस्चराइजर लगाया जाता है। मसाज से चेहरे को रिलैक्स फील होता है और स्किन में निखार दिखता है। इसमें आम तौर पर 60 से 90 मिनट या इससे ज्यादा समय भी लग सकता है, और प्रोडक्ट्स स्किन टाइप के हिसाब से चुने जाते हैं।

क्लीनअप और फेशियल में क्या अंतर होता है?

  • समय: क्लीनअप जल्दी हो जाता है, फेशियल में ज्यादा वक्त लगता है।
  • मसाज: फेशियल में मसाज होती है, जबकि क्लीनअप में आम तौर पर मसाज नहीं होती या बहुत हल्की होती है।
  • फोकस: क्लीनअप सफाई पर, फेशियल सफाई के साथ पोषण और रिलैक्सेशन पर।
  • कीमत: क्लीनअप आम तौर पर किफायती होता है, फेशियल थोड़ा महंगा पड़ सकता है।

शादी या पार्टी से पहले क्लीनअप चुनें या फेशियल?

क्लीनअप कराएं या फेशियल, यह आपकी स्किन और समय पर निर्भर करता है। अगर जल्दबाजी हो या स्किन ज्यादा खराब न हो, तो क्लीनअप करा सकती है। वहीं अगर आपकी स्किन रूखी, बेजान या थकी हुई लगती है, तो फेशियल बेहतर रहता है, क्योंकि इसमें मसाज और मास्क से चेहरे पर ग्लो आ सकता है।

क्लीनअप और फेशियल के लिए सही टाइमिंग भी है जरूरी

क्लीनअप और फेशियल करवाने के लिए सही प्रोडक्ट और एक्सपर्ट के साथ ही सही टाइमिंग भी जरूरी होती है। इसलिए फेशियल इवेंट से करीब 2 से 3 दिन पहले कराएं। क्लीनअप इवेंट से 1 से 2 दिन पहले कराया जा सकता है। अगर आप पहली बार करा रही हैं, तो कम से कम हफ्ते भर पहले कराएं, ताकि स्किन का रिएक्शन पता चल जाए।

क्लीनअप और फेशियल के बाद क्या करें और क्या न करें

  • ट्रीटमेंट एक्सपर्ट की सलाह के हिसाब से कुछ घंटे चेहरा न धोएं।
  • उसी दिन सीधी धूप में ज्यादा न घूमें।
  • नए प्रोडक्ट्स तुरंत ट्राई न करें।

क्लीनअप और फेशियल करवाते समय किन्हें सावधानी बरतनी चाहिए?

अगर आपको एक्ने, एक्जिमा, रोजेशिया जैसी स्किन प्रॉब्लम है, चेहरे पर घाव या इंफेक्शन है, कोई नया पील या लेजर ट्रीटमेंट करवाया है, या स्किन बहुत सेंसिटिव है, तो पार्लर जाने से पहले डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें और उसके बाद ही कराएं। इसके अलावा अगर किसी प्रोडक्ट के इस्तेमाल से पहले एलर्जी हुई है, तो पैच टेस्ट जरूर करवाएं।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। त्वचा से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट या डॉक्टर से संपर्क करें।

Updated on:
21 Nov 2026, 9:24 PM IST
Published on: