
Coconut Water Benefits: गर्मियों में जब शरीर को ठंडापन और ताजगी की जरूरत होती है तो नारियल पानी सबसे आसान और नेचुरल उपाय बन जाता है। हल्का-मीठा स्वाद, ढेर सारे पोषक तत्व और शरीर को अंदर से साफ रखने की खूबी इसे खास बनाती है। लेकिन क्या ये सिर्फ प्यास बुझाने तक ही सीमित है? तो इसका जवाब है नहीं।
नारियल पानी लिवर और किडनी जैसे अहम अंगों की सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। आइए, जानते हैं कैसे ये सादा सा पानी आपके शरीर की बड़ी-बड़ी दिक्कतों को हल्का कर सकता है।
नारियल पानी एक नेचुरल डिटॉक्स ड्रिंक की तरह काम करता है। इसमें पोटैशियम, मैग्नीशियम और कई तरह के इलेक्ट्रोलाइट्स मौजूद होते हैं जो किडनी को साफ रखने में मदद करते हैं। ये शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालता है और यूरिन के जरिए वेस्ट को बहार करने की प्रक्रिया को आसान बनाता है।
अगर किसी को बार-बार यूरिन इंफेक्शन या पथरी की दिक्कत होती है तो डॉक्टर भी कभी-कभी नारियल पानी पीने की सलाह देते हैं। ये नेचुरल तरीके से पेशाब बढ़ाता है और किडनी को एक्टिव रखता है।
लिवर हमारे शरीर का डिटॉक्स सेंटर होता है। जब लिवर पर ज्यादा जोर पड़ता है जैसे ज्यादा तला-भुना खाना, शराब या दवाइयों का सेवन तो इसे सपोर्ट की जरूरत होती है। नारियल पानी में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट्स लिवर को डैमेज से बचाने में मदद करते हैं।
ये लिवर की सूजन को कम कर सकता है और फैटी लिवर जैसी समस्या में राहत दिला सकता है। हालांकि अगर कोई गंभीर लिवर की बीमारी है तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, लेकिन सामान्य देखभाल में नारियल पानी मददगार माना जाता है।
हर दिन 1 ग्लास (करीब 200–250 मि.ली.) नारियल पानी पीना पर्याप्त होता है। ज्यादा पीने से कुछ लोगों को पेट फूलने या एसिडिटी जैसी दिक्कत हो सकती है क्योंकि इसमें पोटैशियम की मात्रा अच्छी-खासी होती है।
अगर आप रोजाना नारियल पानी पीते हैं तो कोशिश करें कि ये ताजे नारियल से निकला हो और उसमें कोई मिलावट न हो। पैक्ड नारियल पानी में कभी-कभी शुगर मिलाई जाती है जो सेहत के लिए उतना फायदेमंद नहीं होता।
नारियल पानी पीने का सबसे अच्छा समय सुबह खाली पेट माना जाता है। इस समय शरीर की सफाई प्रक्रिया एक्टिव होती है और नारियल पानी इसे सपोर्ट करता है। इसके अलावा वर्कआउट के बाद या दोपहर के समय भी इसे पिया जा सकता है जब शरीर को एनर्जी की जरूरत होती है। लेकिन खाने के तुरंत बाद इसे पीने से बचें क्योंकि इससे गैस या पेट भारी होने की शिकायत हो सकती है।
डिसक्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी केवल जागरूकता के लिए है और यह किसी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी दवा या उपचार को अपनाने से पहले विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह लें।